मायावती का जोरदार हमला, कहा- खट्टर सरकार को किया जाए बर्खास्त

punjabkesari.in Saturday, Aug 26, 2017 - 02:52 PM (IST)

लखनऊ: बसपा अध्यक्ष मायावती ने हरियाणा तथा उसके आसपास हुई हिंसा के लिए भाजपा को दोषी करार देते हुए मनोहर लाल खट्टर सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किए जाने की मांग की है। मायावती ने जारी बयान में कहा कि 2 साध्वियों के साथ यौन शोषण और बलात्कार के मामले में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सी.बी.आई. न्यायालय द्वारा दोषी करार देने के बाद हरियाणा में भाजपा सरकार की कथित लापरवाही के कारण हिंसा फैली। उन्होंने कहा कि हिंसा के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जिम्मेदार हैं।

उन्होंने खट्टर सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि भड़की व्यापक हिंसा में भारी जान-माल की क्षति हुई है। 30 से अधिक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस घटना के बाद करीब 500 रेलगाड़ियों को रद्द किया गया। भाजपा वोट बैंक की राजनीति कर रही है। मायावती ने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। बलात्कार के दोषी गुरमीत राम रहीम को भाजपा सरकार वी.वी.आई.पी. सुविधा प्रदान कर रही है। यह शर्मनाक रवैया है। उच्च न्यायालय को भी इसका समुचित संज्ञान अवश्य लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा भाजपा सरकार ने सेना को केवल फ्लैग मार्च तक ही सीमित रखा। सेना को कार्रवाई करने और भीड़ को नियंत्रित करने का अधिकार नहीं दिया।

बसपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सांसद स्वामी साक्षी महाराज द्वारा गुरमीत राम रहीम के समर्थन में बयान दिया जाना न्यायालय की अवमानना है। ऐसे बयानों की निन्दा की जानी चाहिए। साक्षी महाराज के इस प्रकार के महिला विरोधी बयानों पर भाजपा के शीर्ष नेता चुप्पी साधे हैं। भाजपा के महिला सम्मान, महिला उत्थान एवं महिला सशक्तिकरण के दावे झूठे साबित हो रहे हैं।