मायावती के जन्मदिन की बधाई वाले होर्डिंगों पर चला नगर निगम का हथौड़ा

punjabkesari.in Monday, Jan 15, 2018 - 02:53 PM (IST)

मुरादाबादः उत्तर प्रदेश की 4 बार मुख्यमंत्री रह चुकी और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती का आज सोमवार को 62वां जन्मदिन है। जिसको लेकर बसपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लेकिन इसी बीच नगर निगम के अधिकारियों ने मुरादाबाद में लगे मायावती के होर्डिंगों पर हथौड़ा चला दिया, जिससे बसपा के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। 

चौराहों पर बधाई संदेश के लिए लगाए होर्डिंग
उत्तर प्रदेश में सरकार किसी की भी बनी हो, लेकिन इसके बावजूद मायावती का जन्मदिन हर कोई बड़े उत्साह और खुशी से मनाता है। हर बार की तरह इस बार भी मुरादाबाद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहर के मुख्य चौराहों पर बधाई संदेश लिखे होर्डिंग लगाए, लेकिन भाजपा सरकार के प्रशासन को ये मंजूर नहीं हुआ।

नगर निगम ने होर्डिंगों को हटाकर पहुंचाया कूड़ा घर
जिसके चलते मुरादाबाद नगर निगम की जेसीबी ने मायावती के फोटो वाले सभी होर्डिंगों को हटाकर कूड़ा घर में पहुंचा दिया। जैसे ही यह खबर बसपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को लगी, सबने मिलकर अपना विरोध जताया। मंडल कोऑर्डिनेटर राजकुमार गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जातिगत आधार पर काम कर रही है।