Meerut News: BJP नेता की संदिग्ध हालत में मौत, रात में पत्नी से हुआ विवाद...सुबह बेड पर मिली लाश

punjabkesari.in Saturday, Jun 10, 2023 - 04:04 PM (IST)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के स्थानीय युवा भाजपा नेता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। थाना कंकरखेड़ा के अंतर्गत गोविन्दपुरी स्थित घर के कमरे में उनका शव बिस्‍तर पर पड़ा मिला है। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग और भाजपा नेता मौके पर पहुंच गए। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।



इस मामले की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने बताया कि, मृतक की पत्नी घटना को आत्महत्या बता रही है। पुलिस को दिए गए बयान में युवा भाजपा नेता निशांत गर्ग (35) की पत्नी सोनिया ने बताया कि, शुक्रवार रात वह काफी नशे में थे और उन्होंने मारपीट भी की थी। पुलिस ने बताया कि पत्नी गुस्से में तड़के तीन बजे थोड़ी दूर स्थित अपने मायके चली गई और सुबह साढ़े छह बजे आकर देखा तो पति बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा मिला और उसके सीने में गोली लगी थी। बताया जा रहा है कि पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तब बिस्तर और उस कमरे में कोई तमंचा या पिस्तौल बरामद नहीं हुई।

यह भी पढ़ेंः UP News: खाना बनाते समय गैस पाइप में रिसाव के कारण लगी आग, महिला की मौत...चार लोग झुलसे



भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल के अनुसार मृतक गर्ग भाजपा का युवा चेहरा थे, जो पिछले करीब पांच साल से राजनीति में सक्रिय थे। वे भाजपा में क्षेत्रीय युवा मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी थे। भाजपा नेता ने लगभग 13 साल पूर्व अशोकपुरी निवासी सोनिया से लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों के एक बेटा विधान व बेटी कश्वी हुए।  शुक्रवार रात दंपती में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद भाजपा नेता की पत्नी अपने मायके चली गई थी। पत्नी के अनुसार, वह सुबह छह बजे घर लौटी तो उन्हें भाजपा नेता का गोली लगा हुआ शव बेड पर मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

Content Editor

Pooja Gill