Meerut: जुमे की नमाज में छाया मातम,  मस्जिद की दीवार गिरने से 2 की मौत

punjabkesari.in Friday, Jul 23, 2021 - 05:58 PM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में आज जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद की दीवार गिरने से दो लोगों की मलबे में दबकर मृत्यु हो गई जबकि कई नमाजी घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लिसाड़ी गेट क्षेत्र के अहमद नगर की नौ नम्बर गली में स्थित मौहम्मदिया मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद तेज बारिश की वजह से नमाजी वहां रुक गये। उसी दौरान मस्जिद की निर्माणाधीन एक दीवार अचानक गिर गई।        

उन्होंने बताया कि इस हादसे में मलबे में 12 से अधिक लोग दब गये। चीख पुकार सुनकर वहां लोग जमा हो गये और उन्होंने दबे हुए लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। इस घटना में इमरान की घटनास्थल पर जबकि दूसरे नमाजी कारी अफ्फान की अस्पताल में मृत्यु हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तमाम घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। भटनागर ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दो लोगों की हालत गंभीर है जबकि हादसे में घायल 12 से अधिक लोगों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Content Writer

Umakant yadav