मिलिए प्रयागराज के "वंडर मैजिकल बॉय" उत्कर्ष से: आंख पर 3 लेयर की पट्टी बांधकर फर्राटे से पढ़ते हैं किताब, बनाते हैं खाना…चलाते हैं साइकिल

punjabkesari.in Tuesday, Mar 14, 2023 - 04:39 PM (IST)

प्रयागराज (सैयद रजा): कहते हैं हर बच्चा खास होता है बस जरूरी है तो उसके अंदर मौजूद हुनर को पहचानना। इसी कड़ी में प्रयागराज के रहने वाले उत्कर्ष के अनोखे हुनर ने उसे वंडर मैजिकल बॉय के नाम से मशहूर कर दिया है। 12 वर्ष के उत्कर्ष ऐसा काम करते हैं कि आप हैरत में पड़ जाएंगे। उत्कर्ष आंखों में ट्रिपल पट्टी बांधकर सुई में धागा डाल देते हैं, किताबों को पढ़ लेते हैं, यहां तक कि आपके नोट के सीरियल नंबर को भी बता देते हैं। इसके साथ ही साथ आंखों पर दोनों पट्टी बांधकर के साइकिल चला लेते हैं और घर का खाना भी बना लेते हैं।

उत्कर्ष का नाम एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज
बता दें कि उत्कर्ष ने आंख बंद करके सबसे अधिक शब्द पढ़कर नया कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने 4 मिनट में 450 शब्द आंख बंद करके पढ़ने का रिकॉर्ड बनाया है। इसी वजह से उत्कर्ष का नाम एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है। उत्कर्ष खेल गांव पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। वह बताते हैं कि उनके दोस्त उसे वंडर मैजिकल बॉय कहकर पुकारते हैं।

उत्कर्ष के अंदर जो कला है वह जादूगर नहीं बल्कि एक करिश्मा
उत्कर्ष की माता का कहना है कि उत्कर्ष मेडिटेशन और योग का अभ्यास करता है और बीते कुछ महीनों से वह कुछ ऐसा करिश्मा कर रहा है जिससे हम सभी हैरान हैं। उत्कर्ष के पिता पुलिस विभाग में है जबकि मां हाउसवाइफ है। अनोखी कला के चलते उत्कर्ष दिन पर दिन कुछ नया करिश्मा करने में लगा हुआ है। आंख बंद करके कोई भी किताब उसको दे दे वह किताब का क्या नाम है उस किताब का क्या सारांश है यह भी बता देता है। उत्कर्ष के नाना भी कला को देखकर के हैरत में है। उनका भी कहना है कि वह इतनी उम्र में पहली बार इस तरह की कला को देख रहे हैं हालांकि कई जादूगरों से वह मिल चुके हैं लेकिन उत्कर्ष के अंदर जो कला है वह जादूगर नहीं बल्कि एक करिश्मा है।

सामने बैठा व्यक्ति मोबाइल पर क्या देख रहा है आंख बंद करके बता देते हैं उत्कर्ष
इसके साथ ही साथ उत्कर्ष आंख बंद करके खाने की सामान को सूंघते हैं और उसके बाद पूरे घर के किसी भी कोने में आप उस खाने के सामान को रख दें वह बिना आंख खोलें वह घर के किस कोने में रखा है उसको ढूंढ लाते हैं। उत्कर्ष के अनोखे कारनामे से परिवार के लोग हैरत में है। यहां तक कि सामने बैठा व्यक्ति मोबाइल पर क्या देख रहा है आंख बंद करके बता सकते हैं। उत्कर्ष अपनी इस कला को आगे बढ़ाने के लिए मेडिटेशन व अन्य अभ्यास पर जोर दे रहे हैं इसके लिए वह ऑनलाइन कक्षाएं अपने प्रशिक्षक अनुराग के साथ लेते हैं।

उत्कृष्ट की यह खास कला करिश्मा से कम नहीं
उत्कर्ष के द्वारा किए गए यह करिश्माई कारनामे देखकर हमारी टीम भी दंग रह गई ऐसे में हमारे संवाददाता ने भी आंखों पर लगाई गई पट्टी को अपनी आंखों में लगाया तो देखा कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था,  आँखों पर तीन कोट में पट्टी को लगाया जाता है। हमारे इस रियल्टी टेस्ट में तो यह साफ हो चुका था कि आंखों पर पट्टी लगाने से कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है। उत्कृष्ट की यह खास कला करिश्मा से कम नहीं है और अगर लोग उसे वंडर मैजिकल बॉय कहते हैं तो वह भी गलत नहीं है। उत्कर्ष ने पंजाब केसरी से खास बातचीत करते हुए बताया कि आखिर किस तरीके से वह इस करिश्मे को करते हैं।

Content Writer

Mamta Yadav