करोड़पति नेता अपना वेतन गरीबों पर खर्च नहीं करते: वरुण गांधी

punjabkesari.in Sunday, Jan 07, 2018 - 09:25 AM (IST)

सुल्तानपुर: एक दिवसीय दौरे पर सुल्तानपुर पहुंचे बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बहुत से राजनेता अरबपति करोड़पति हैं, लेकिन वह अपना वेतन गरीबों पर खर्च नहीं करते।

वरुण ने बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब 54 सांसद ऐेसे हैं, जो करोड़पति हैं और कई ऐसे सांसद हैं जो अरबपति हैं, लेकिन वह अपना वेतन गरीबों पर खर्च नहीं करते। उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश के सभी अमीर राजनेताओं से लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपना वेतन गरीबों में दान देने की बात कही। वरुण ने कहा कि वह पिछले साढ़े आठ साल से सांसद हैं। बावजूद इसके उन्होंने कभी भी अपने वेतन का प्रयोग अपने लिए नहीं किया।

बता दें कि वरुण गांधी शनिवार को सुल्तानपुर में अपने वेतन से गरीबों और असहायों को कंबल वितरण करने के लिए आए हुए थे। वरुण दोपहर जयसिंहपुर विधानसभा के पलिया गांव पहुंचे थे। इस दौरान पलिया इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में वरुण गांधी ने अपने वेतन के पैसों से लगभग 2 हजार गरीब व असहायों को कंबल वितरण किया।