चंद्रयान-2 को लेकर भावुक हुए मंत्री मोहसिन रजा, बोले- ''हम होंगे कामयाब''

punjabkesari.in Saturday, Sep 07, 2019 - 02:19 PM (IST)

लखनऊः चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर का चांद की सतह से 2.1 किलोमीटर पहले संपर्क टूट जाने का गम सिर्फ इसरो ही नहीं पूरा देश को भी है, लेकिन उम्मीदें अब भी कायम हैं। जिसको लेकर पूरा देश विज्ञानिकों के साथ खड़ा है। इसी कड़ी में चंद्रयान-2 की बात करते हुए यूपी के मंत्री मोहसिन रजा भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

उन्होंने बताया कि सब कुछ सही चल रहा था। एक बड़ा अच्छा पल था, लेकिन थोड़ी देर के लिए जब लैंडर से हमारा संपर्क टूटा। तो ऐसा लगा कि हमारे दिल की धड़कने बहुत तेज हो गईं। हम बहुत उत्साहित थे लेकिन बहुत सारी चीजें वैसी नहीं हो पाईं। दिन रात एक करके हमारे वैज्ञानिकों ने यह काम किया था। हम उम्मीद नहीं हारे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि हम कामयाब होंगे।

मोहसिन ने बताया कि प्रधानमंत्री ने इसरो के चेयरमैन को हिम्मत दी है। हम उम्मीद करते हैं कि हम जरूर कामयाब होंगे। यह सब देखकर हम काफी भावुक भी हुए और अपने आंसू को नहीं रोक पाए। क्योंकि हम बहुत बड़ा इतिहास लिखने जा रहे थे। इस काम को करने में फिर थोड़ा समय लगेगा।

Tamanna Bhardwaj