इस मंत्री ने किया नीम का पेड़ लगाने का आह्वान, कहा- नीम का पेड़ लगाओ 50 हजार कमाओ

punjabkesari.in Sunday, Jul 23, 2017 - 05:43 PM (IST)

गाजीपुरः पेड़ों की लगातार हो रही कटाई से जहां एक ओर पर्यावरण प्रभावित हुआ है, वहीं इसका सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। इन्हीं सबको देखते हुए भाजपा प. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष मना रही है, जोकि 25 सितम्बर तक चलना है। जनपद के सांसद व रेल व संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने लोगों से नीम का पेड़ लगाने का आह्वान किया और साथ ही बताया कि इससे पर्यावरण लाभ के साथ-साथ  इसके बीज को बेचकर साल में 50 हजार तक कमाया जा सकता है।

एक पेड़ लगाना पुण्य का काम माना जाता है। इससे पुण्य के साथ ही कई तरह के लाभ भी हैं। जनपद के सुहवल गांव में सांसद व रेल व संचार राज्य मंत्री ने रूद्राक्ष का पौधा लगाकर वृक्षारोपण कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार नीम कोटेड यूरिया को बढ़ावा देने का काम कर रही है। जिसके लिए नीम की ज्यादा जरूरत है इसलिए अपने लोकसभा क्षेत्र में 1 लाख नीम का पेड़ लगवाने का मेरा लक्ष्य है। नीम का पेड़ जहां हिन्दू समाज में पूज्य है वहीं मुस्लिम नीम के दरख्त को सम्मान देते हैं। रमजान के पवित्र महीने में इसी के दातून का प्रयोग करते हैं और उसके बाद रोजा अफ्तारी करते हैं।

नीम का पेड़ लगाने वाले को इससे आय भी होगी, क्योंकि नीम कोटेड यूरिया बनाने वाली कम्पनी इफको इसके बीज को 15 रूपये प्रति किलो के दर से खरीदने को तैयार है। जिससे अब एक नीम का पेड़ पूरे साल में व्यक्ति को छांव तो देगा ही उसके साथ 25 से 50 हजार तक की सालाना आय भी कराएगा। इसलिए उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से नीम के पेड़ को स्वयं लगाने और दूसरों को लगवाने के लिए प्रेरित करने की बात कही है।

वहीं स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश में ठीक नहीं हैं। कुछ प्रदेशों में स्वास्थ्य सुविधाएं ठीक हुई हैं और उत्तर-प्रदेश में भी स्वास्थ्य सुविधाएं ठीक होंगी। यूपी की सरकार इसपर काम कर रही है।