मिर्जापुर छेड़खानी मामलाः एडीजी विश्वजीत महापात्रा ने लिया घटना स्थल का जायजा

punjabkesari.in Wednesday, Dec 13, 2017 - 07:53 PM (IST)

मिर्ज़ापुरः मिर्ज़ापुर में विदेशी नागरिकों के साथ छेड़खानी और बदसलूकी मामला तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। पिछले दिनों सुर्खियों में रहे इस मामले में बुधवार जांच के लिए वाराणसी जोन के एडीजी विश्वजीत महापात्रा पर्यटक स्थल लखनिया दरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

यहां उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पर्यटकों के  सुरक्षा इंतजाम के बारे में जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने पिकनिक स्थल पर सुरक्षा के लिए पीएसी के जवानों कि तैनाती  का निर्देश दिया। वहीं निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विदेशियों के मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अगर कोई इसमें दोषी विभाग का होगा तो उस पर भी करवाई कि जाएगी।

बता दें कि 10 दिसंबर को वाराणसी के अस्सी घाट से फ्रांस के एनजीओ में कार्यरत 6 विदेशी नागरिक, जिसमें 4 महिला, 2 पुरुष और वाराणसी की 3 युवतियां और एक युवक रविवार को लखनिया दरी वॉटरफॉल पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे।

आरोप है कि दल में शामिल लड़की के साथ विवेक नाम का लड़का छेड़खानी करने लगा, जब साथ आए विदेशियों ने विरोध किया, तो विवेक ने फोन करके अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद लड़की और उसके साथ आए लोगों के साथ मारपीट की गई।

इसी दौरान विदेशी सैलानियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई। लड़की से छेड़खानी के मामले में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।"