गोली लगने के बाद भी भागता रहा अधेड़, नहीं आया बदमाशों को रहम

punjabkesari.in Wednesday, Aug 29, 2018 - 04:02 PM (IST)

महोबाः महोबा में अपराधियों के हौसले को कुछ इस तरह बुलंद है कि देर शाम 3 बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक अधेड़ को सरेआम गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।

मामला कबरई थाना क्षेत्र के बाईपास रोड स्थित संगम ग्रेनाइट के सामने का है। मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद निवासी 55 वर्षीय हरीराम शुक्ला अपने घर जा रहे थे। तभी बाइक सवार अज्ञात 3 लोगों ने उन्हें अकेला पाकर गोली मार दी। हरिदास ने बताया कि कमर में गोली लगने के बाद भी वह काफी दूर तक भागता रहा और गिर गया तभी हमलावर भाग गए।

हालांकि कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन हमलावर अंधेरे में भागने में सफल हो गए। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बाद घायल  हरीराम को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। 

वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही इस घटना के कारणों का पता लगाते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Tamanna Bhardwaj