UP में दिन प्रतिदिन बढ़ रहा अपराध, लूट के इरादे घुसे बदमाशों ने मां-बेटे को चाकू से गोदा

punjabkesari.in Thursday, Aug 02, 2018 - 06:12 PM (IST)

कौशांबीः उत्तर प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। आए दिन बेखौफ बदमाश पुलिस को चुनौती देते हुए लूट छिनौती और हत्या की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला कौशांबी का है। जहां घर के अंदर लूटपाट के इरादे से घुसे बदमाशों ने बरामदे मे सो रहे युवक की चाकु से गोदकर हत्या कर दी। जबकि वहां मौजूद युवक की मां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के मुताबिक कोखराज थाना के कशिया पश्चिम गांव का है। यहां के रहने वाले किसान सोनेलाल ने 2 मकान बनवा रखे हैं। एक गांव के अंदर व एक गांव के बाहर है। तीन दिन पहले सोने लाल का दिल्ली में रहने वाला बेटा ब्रजेश सिंह घर आया था। बीते  बुधवार को वह मां के साथ गांव के बाहर बने मकान मे सोया था। सुबह काफी देर तक मकान से कोई आहट नहीं आई और बंदरों के झूड़ वहां उछल-कूद करने लगा।

वहीं आस-पास के ग्रामीणों ने जब घर के अंदर झांक कर देखा तो मां-बेटे खून से लथपथ पड़े हुए थे। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन घर के अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। बरामदे मे चारपाई पर ब्रजेश का शव पड़ा था। पास ही उसकी मां गंभीर रूप से घायल जमीन पर पड़ी हुई थी। घर के अंदर का समान भी बिखरा पड़ा था।

परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रूप रानी को जिला अस्पताल पहुंचाया। साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी प्रदीप गुप्ता का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

Tamanna Bhardwaj