OMG: एडमिशन के नाम पर 5 नाबालिगों के साथ BHU हेलीपैड पर कुकर्म, आपबीती सुन परिजनों के उड़े होश

punjabkesari.in Tuesday, Oct 26, 2021 - 02:46 PM (IST)

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एडमिशन के नाम पर 5 नाबालिग बच्चों के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया गया है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि यह घटना काशी हिंदू विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित हेलीपैड ग्राउंड में घटित हुई है। मामले में वाराणसी के लंका थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखत हुए पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं बच्चों के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म के मामले की चर्चा जोरों पर है।

जानकारी मुताबिक नाबालिग बच्चे थाना चौबेपुर स्थित गरयोली ग्राम के निवासी हैं, जिनकी उम्र 11 से 14 वर्ष की है। बच्चों के अनुसार घटना 2 माह पुरानी है। आरोप है कि मुरारीलाल ने बीएचयू स्थित केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन कराने का प्रलोभन दिया और उन्हें बीएचयू लेकर आया। एडमिशन कराने के नाम पर उनके साथ कई बार अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने परिवार को बताया था कि उसकी केंद्रीय विद्यालय में जान पहचान है, वो एडमिशन करवा देगा। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए परिजनों ने बच्चों को आरोपी मुरारीलाल के साथ बीएचयू भेज दिया। घटना के बाद बच्चों ने इस मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। मामले की जानकारी जब उनके परिवारीजनों को हुई तो उन्होंने 21 अक्टूबर को थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने अप्राकृतिक दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी महात्मा यादव ने बताया कि घटना ग्रामीण अंचल की है लेकिन घटना बीएचयू परिसर स्थित हेलीपेड ग्राउंड पर होने के कारण मामला कमिश्नरेट के लंका थाने में दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है।

   

Content Writer

Umakant yadav