बाजार से गायब नोटों का लोकसभा चुनाव में हो सकता है इस्तेमाल: अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Apr 23, 2018 - 07:36 AM (IST)

लखनऊ: बाजार में नकदी की समस्या के लिए केंद्र की भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आशंका व्यक्त की कि बाजार से अचानक गायब हुए नोटों का इस्तेमाल लोकसभा चुनाव में हो सकता है।

पार्टी मुख्यालय में हिंदू-मुस्लिम तेली महासभा की बैठक को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा के लोग नोट इकट्ठा कर रहे हैं और एटीएम खाली कर रहे हैं।बाजार से नोट गायब होने में भाजपा की बड़ी भूमिका है। इन नोटों का उपयोग लोकसभा चुनाव में हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने पर सामाजिक विघटन के साथ अर्थव्यवस्था और कानून-व्यवस्था को भी चौपट करने का काम किया है।

समाज में खाई भाजपा ने पैदा की
सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुस्लिम पिछड़ी जातियों की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक दशा हिंदू पिछड़ी जातियों जैसी है। हिंदू-मुस्लिम एकता को भाजपा अब तोड़ने में सफल नहीं हो पाएगी। समाज में खाई भाजपा ने पैदा की है। उसने सभी जातियों को धोखा दिया है। अब समाज में जागरूकता है और भाजपा की लाख कोशिशों के बावजूद कोई रास्ता नहीं भटकेगा।

Anil Kapoor