Mission 2024: भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा से फूकेंगे ''मिशन-2024'' का चुनावी बिगुल, कार्यकर्ताओं से करेंगे ''टिफिन पर चर्चा''

punjabkesari.in Saturday, Jun 03, 2023 - 07:57 AM (IST)

Mission 2024: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को आगरा से लोकसभा चुनाव 2024 का अगाज करेंगे। उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव 2023 में मिली सफलता से भाजपाईयों की खुशी सातवें आसमान पर है। जिसको लेकर भाजपा नेता और पदाधिकारी अभी से  मिशन 2024 के लिए जुट गए हैं। वहीं 'मिशन-2024' की कमान पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने खुद संभाल रखी है। जेपी नड्डा सुबह 11.30 बजे आगरा पहुंचेगे।

मिली जानकारी के मुताबिक, लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान की शुरुआत शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा में करेंगे। आगरा के दयालबाग के एक रिसॉर्ट में शनिवार दोपहर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा यूपी में महा जनसंपर्क अभियान में 'टिफिन पर चर्चा' कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की भी संभावना है। वहीं इस कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष के साथ ही प्रदेश स्तर के तमाम पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

आपको बता दें कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के महा जनसंपर्क अभियान को लेकर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारी में जुट गए हैं। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के '9 साल बेमिसाल' को लेकर तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी के नौ साल के कार्यकाल में शुरू की गईं जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनता को बताया जा रहा है। इसमें केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री हर लोकसभा क्षेत्र में जाकर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। 

Content Editor

Anil Kapoor