मिशन 2024:  भाजपा के मंसूबों को परास्त करेगी सपा, भाजपा को दिखाएगी सत्ता से बाहर का रास्ता

punjabkesari.in Tuesday, Mar 21, 2023 - 05:33 PM (IST)

लखनऊ: जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे विपक्षी पार्टियों ने केंद्र सरकार को घेरने के लिए रणनीति बनाने में जुट गई हैं। समाजवादी पार्टी ने अपने राजनीतिक प्रस्ताव में कहा है कि साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में सपा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और भाजपा के मंसूबों को परास्त करेगी। पार्टी का मत है कि भाजपा को सत्ता बाहर का रास्ता दिखाना हमारा कर्तव्य भी है।



पश्चिम बंगाल की राजधानी कलकत्ता में सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 17 से 19 मार्च को सम्पन्न हुई जिसने राजनीति और समाज को नई दिशा देने के साथ सन् 2024 में केन्द्र से भाजपा का सफाया करने का आह्नान किया है। इसके साथ सपा ने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए भी पहल कर दी है। अपने आर्थिक राजनीतिक प्रस्ताव में सपा ने अपने नेता अखिलेश यादव के परिपक्व नेतृत्व में भाजपा की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए एकजुटता और मजबूती से बूथस्तर तक जन-जन, गांव- गांव समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने के साथ वैकल्पिक राजनीति की दिशा तय करने का भी इरादा जताया है। पार्टी ने विश्वास जताया है कि अब इस बार छल-प्रपंच, नफरत और झूठ की राजनीति हारेगी और सत्यमेव जयते' का ही जनउद्घोष होगा।

भाजपा सरकार ने देश को गहरे संकट में डाल दियाः राजेन्द्र चौधरी
सपा के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने सोमवार को जारी एक संदेश में कहा कि देश की परिस्थितियों पर विचार विमर्श के बाद सपा इस नतीजे पर पहुंची है कि भाजपा की सरकार ने देश को गहरे संकट में डाल दिया है। आज जो वैचारिकी आरएसएस भाजपा की ओर से फैलाई जा रही है वह हमारी अनेकता में एकता की अवधारणा को नकारती है तथा विभाजनकारी प्रवृत्तियों को बल देती है।



भरभरा कर गिर जाते हैं भाजपाई हवामहल
पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के नाम पर अनाप-शनाप खर्च कर मेला तो लगा लेती है पर उसके अधिकांश एमओयू दिखावे के साबित होते है। न नए उद्योग लग रहे हैं और ना ही रोजगार का सृजन हो रहा है। सपा का मत है कि भाजपा की मंशा देश में लोकतांत्रिक विकल्प न खड़े होने देने की है। समाजवादी समता, स्वतंत्रता और भाईचारा की सद्भावना के साथ जब मजबूती से कहीं खड़े होते हैं तो भाजपाई हवामहल भरभरा कर गिर जाते हैं।

Content Writer

Ajay kumar