महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे मोदी: रामगोपाल यादव

punjabkesari.in Monday, Jul 16, 2018 - 04:57 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और दुष्कर्म के मामले में हो रही वृद्धि से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं।  

सपा के महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि संभल ही नहीं देश भर में महिलाओं के खिलाफ अपराध और दुष्कर्म के मामले तेजी से बढ़े हैं। प्रधानमंत्री लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि सपा नेता ने इस पर विस्तार से नहीं बताया कि किस तरह प्रधानमंत्री लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

दरअसल रामगोपाल ने उत्तरप्रदेश के संभल में एक महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर देने के मामले के सवाल पर यह जवाब दिया। बता दें कि सपा ने प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया था। सपा के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करने वाले थे। हालांकि, प्रेस कांफ्रेंस में मुलायम नहीं आए और उनकी जगह रामगोपाल ने राम मनोहर लोहिया ट्रस्ट से जुड़े मुद्दे पर मीडिया को संबोधित किया। ट्रस्ट के न्यासियों की आज यहां बैठक हुई। 

उन्होंने कहा कि हालिया दिनों में विभिन्न रैलियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास को नजरंदाज करने और किसानों की बदहाली पर आंख मूंदने के लिए विपक्ष पर निशाना साधा है। वहीं कांग्रेस, बसपा और सपा सहित विपक्ष दलों ने पलटवार करते हुए 2019 के लोकसभा चुनावों के पहले भाजपा पर समाज का ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया है।  
 
राममनोहर लोहिया ट्रस्ट का हवाला देते हुए रामगोपाल यादव ने कहा कि ट्रस्ट हैदराबाद में अपने मुख्यालय में एक स्कूल और सामुदायिक केंद्र का निर्माण करेगा। समाजवादी नेता राममनोहर लोहिया के विभिन्न कार्यों का भी प्रकाशन होगा जो लोगों के सामने नहीं आ पाए हैं।       
 

Ruby