मुजफ्फरनगर में बंदरों का कहर: बच्चों पर अचानक हमला, 8 साल का बच्चा घायल—सीसीटीवी में कैद भयावह घटना!
punjabkesari.in Friday, Nov 14, 2025 - 08:37 AM (IST)
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला नगर की गांधी कॉलोनी का है, जहां बंदरों के एक झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। इस हमले में 8 साल का बच्चा घायल हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बंदरों ने अचानक किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की शाम को रविंद्र छाबड़ा के घर के बाहर उनका बेटा अपने भांजे-भांजी के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने अचानक बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में कियान नामक बच्चा घायल हुआ। बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविंद्र छाबड़ा ने नगर पालिका से अपील की है कि इन बंदरों को जल्द पकड़कर जंगलों में छोड़ा जाए, ताकि किसी और बच्चे को नुकसान ना पहुंचे।
CCTV में कैद हुई घटना और सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का पूरा दृश्य घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में चिंता और आक्रोश बढ़ गया।
नगर पालिका ने शुरू किया अभियान
बंदरों के हमले के बाद नगर पालिका ने उन्हें पकड़ने के लिए अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अधिशासी अभियंता प्रज्ञा सिंह ने बताया कि मथुरा से टीम बुलाई जा रही है। अभियान सोमवार से गांधी कॉलोनी से शुरू होगा। नगर पालिका की प्राथमिकता है कि लोगों को बंदरों और आवारा जानवरों से राहत दिलाई जाए।
55 वार्डों में चरणबद्ध अभियान
नगर पालिका ने बताया कि यह अभियान 55 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से चलेगा। पकड़े गए बंदरों को शहर से दूर जंगलों में छोड़ा जाएगा।

