छत पर खेल रहे बच्चों पर बंदरों का हमला, 5 की हालत गंभीर

punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2017 - 03:45 PM (IST)

शाहजहांपुरः शाहजहांपुर के थाना खुटार इलाके का माहौल उस वक्त अशांत हो गया, जब छत पर खेल रहे बच्चों पर बंदरों की टोली ने धावा बोल दिया। बचाव करते 7 मासूम बच्चे छत से नीचे गिर कर घायल हो गए। जिनमें से 5 की हालत गंभीर बनी हुई है।

दरअसल यह पूरी घटना थाना खुटार क्षेत्र के बजरिया इलाके की है। जहां कुछ बच्चे छत पर खेल रहे थे। इसी दौरान बंदरों के एक झुंड ने बच्चों पर अचानक हमला बोल दिया। जिसके डर से बच्चे छत के किनारे की तरफ भागे और 7 बच्चे छत से नीचे गिर गए। आनन-फानन में सभी बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। जहां  5 बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी घायल बच्चों की उम्र 10 से 12 साल है।

जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ राहुल गुप्ता ने बताया कि बच्चों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। लोगों ने बताया कि इलाके में बड़ी तादाद में बंदर मौजूद हैं। जो अक्सर लोगों पर हमला कर देते हैं। घटना के बाद गांव के लोगों में डर फैल गया है।​