राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान बड़ा हादसा, 1 मजदूर की मौत और 7 घायल

punjabkesari.in Sunday, Feb 25, 2024 - 11:33 AM (IST)

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में पहुंची कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में बड़ा हादसा हो गया। जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई वहीं 7 लोग घायल हो गए। यह हादसा भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी के लिए बनाए गए अस्थाई कैंप में बनाए गए सीआरपीएफ के वॉच टॉवर में करंट आने से हुआ। घटना का पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक मजदूर की पहचान नरेश के रुप में हुई है जोकि झारखंड के चतरा जिले का रहने वाला था। इसके अलावा बाकी सभी घायल भी चतरा जिले के ही रहने वाले हैं। दरअसल, राहुल गांधी के रात्रि विश्राम के कार्यक्रम के चलते अस्थाई कैंप बनाया गया था। यह हादसा जिले कोतवाली कटघर इलाके के रामपुर रोड जीरो प्वॉइंट के पास हुआ।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुई प्रियंका वाड्रा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से आगे बढ़ी, जिसमें प्रियंका गांधी वाड्रा भी अपने भाई के साथ शामिल हुईं। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मुरादाबाद से फिर से शुरू हुई। राहुल के साथ पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। यात्रा जब मुरादाबाद की सड़कों पर बढ़ी तो विभिन्न क्षेत्रों के लोग वहां मौजूद थे। खुली जीप में सवार दोनों नेताओं का उनके समर्थकों ने स्वागत किया। यात्रा में शामिल लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘राहुल गांधी जिंदाबाद', ‘प्रियंका गांधी जिंदाबाद' और ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद' के नारे लगाए। इस बीच राहुल और प्रियंका जनता का अभिवादन करते नजर आए। प्रियंका गांधी सप्ताहांत में उत्तर प्रदेश के शेष चरण में यात्रा का हिस्सा बनेंगी। उन्हें यात्रा में उत्तर प्रदेश के चंदौली में भाग लेना था, लेकिन खराब स्वास्थ्य और बाद में अस्पताल में भर्ती होने के कारण वह उस समय यात्रा में शामिल नहीं हो सकीं।

अखिलेश यादव रविवार को आगरा में कांग्रेस की यात्रा में होंगे शामिल
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि वाड्रा मुरादाबाद से राहुल गांधी के साथ जाएंगी और अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस एवं आगरा होते हुए यात्रा के रविवार को फतेहपुर सीकरी पहुंचने पर वह वहां भी रहेंगी। समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव रविवार को आगरा में कांग्रेस की यात्रा में शामिल होंगे। यह निर्णय लोकसभा चुनावों के लिए उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर दोनों दलों (सपा-कांग्रेस) के बीच हुए समझौते के बाद आया है। कांग्रेस ने कहा है कि 26 फरवरी से एक मार्च तक यात्रा को कुछ दिन रोका जाएगा ताकि राहुल गांधी 27 फरवरी और 28 फरवरी को ब्रिटेन स्थित कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में दो विशेष व्याख्यान देने की अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को पूरा कर सकें और वह दिल्ली में अन्य महत्वपूर्ण बैठकों में भाग ले सकें। दो मार्च को दोपहर दो बजे राजस्थान के धौलपुर से एक बार फिर यात्रा शुरू होगी। इसके बाद यह मध्य प्रदेश के मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर और उज्जैन समेत कई जिलों से गुजरेगी। इस दौरान राहुल गांधी पांच मार्च को दोपहर दो बजे उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे।

Content Editor

Anil Kapoor