जितनी पारदर्शी भर्तियां हमारे समय हो रहीं, उतनी पहले कभी नहीं हुईं : योगी

punjabkesari.in Friday, Dec 21, 2018 - 06:22 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न चयन आयोगों और ऐसी ही संस्थाओं की भर्तियों में कथित धांधली के आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि जितनी पारदर्शी तरीके से वर्तमान सरकार के समय में भर्तियां हो रही हैं, उतनी पहले कभी नहीं हुईं । योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग हो, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग हो या माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड...पुलिस भर्ती बोर्ड हो या किसी भी प्रकार की भर्तियां हों। जितनी पारदर्शी तरीके से भर्तियां वर्तमान सरकार के समय में हो रही हैं, उतनी पहले कभी नहीं हुईं।

सीएम ने कहा,‘‘विगत डेढ़ वर्ष के दौरान प्रदेश में एक लाख से अधिक भर्तियां हुई हैं और चुने गए लोगों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग संवैधानिक संस्था है, उसमें शासन का कोई हस्तक्षेप नहीं होता। मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘किसी भी आयोग को परीक्षा कैसे करानी है, कौन सी एजेंसी चुननी है, यह तय करने का उन्हें अधिकार होता है। सरकार का उसमें कोई हस्तक्षेप नहीं होता।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग में जिन लोगों को पिछली सरकारों ने बिठाया था, उनमें से एक अध्यक्ष को उच्च न्यायालय की ओर से बर्खास्त किया गया। जो अर्हता नहीं रखते थे, उन्हें अध्यक्ष बनाया गया था। योगी ने कहा कि क्या होता था, जब पहले कोई भर्ती निकलती थी। पार्टी से जुड़े पदाधिकारी और किसी एक परिवार से जुड़े लोग झोला लेकर पूरे प्रदेश में वसूली में लग जाते थे। उन्होंने कहा कि‘साल्वर बैंक’पूर्व की सरकारों की ओर से विरासत में मिला था। उन लोगों को जब स्पेशल टास्क फोर्स और हमारी अन्य एजेंसियां गिरफ्त में लेती हैं, तब सब कुछ सामने आता है। 

Ruby