गृहकलह के चलते मां ने 11 महीने की बच्ची संग किया आत्मदाह, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Sunday, Sep 03, 2017 - 02:49 PM (IST)

कानपुर/फर्रुखाबादः फर्रुखाबाद के कमालगंज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां रोज-रोज के कलेश में महिला ने अपने साथ अपनी 11 महीने की बच्ची को भी मौत की नींद सुला दिया। इस घटना के बाद से जहां इलाके में सनसनी फैली हुई है, वहीं ससुरालवाले भी मौके से फरार है।

दरअसल मामला है गंगापार के सिया गांव का। जहां के निवासी मुनेंद्र सिंह की पत्नी आरती ने 11 माह की पुत्री वंशिका को गोद में लेकर केरोसिन डालकर आग लगा ली। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं मृतिका के पिता पुरुषोत्तम सिंह ने उसके पति मुनेंद्र सिंह, सास छुटकन्ना देवी, जेठ सुखेंद्र सिंह, जेठानी अनुराधा तथा ननद सुधा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।

उनका आरोप है कि पुत्री के ससुराली प्लाट खरीदने के लिए 5 लाख रुपए मांग कर रहे थे। जिसे पूरा न कर पाने के कारण पुत्री को पीट कर उत्पीड़न करने लगे। जिससे परेशान उसकी पुत्री ने अपनी बच्ची के साथ मौत को गले लगा लिया।

पिता की मानें तो घटना की सूचना पाकर वह उसके ससुराल पहुंचे। वहां पुत्री आरती व 11 माह की वंशिका की जली हुई लाश घर पर पड़ी हुई थी। आशंका है आरोपियों ने जलाकर दोनों की हत्या कर दी है। घटना के बाद मृतका के ससुरालीजन घरेलू सामान सहित फरार हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।