‘आखिरी मंजिल’ पर फतह करने के लिए तैयार हैं पर्वतारोही अरुणिमा

punjabkesari.in Thursday, Dec 13, 2018 - 02:20 PM (IST)

लखनऊ: विश्व रिकॉर्डधारी पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा दुनिया की 7 प्रमुख पर्वत चोटियों में आखिरी बची ‘माऊंट विन्सन’ को फतह करने के लिए गुरुवार को रवाना होंगी। दक्षिणी ध्रुव में अंटार्कटिका स्थित ‘माऊंट विन्सन’ दुनिया के सातों महाद्वीपों की प्रमुख पर्वत चोटियों में से आखिरी शिखर है, जिस पर अरुणिमा ने अब तक विजय हासिल नहीं की है।

इस पर्वतारोही ने इस असाधारण उपलब्धि के सफर पर रवाना होने से पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। अरुणिमा ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उन्हें माऊंट विन्सन पर फहराने के लिए तिरंगा देकर विदा किया और कामयाबी के लिए आशीर्वाद तथा शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह इस बेहद विषम परिस्थितियों वाली अत्यंत दुर्गम पर्वत चोटी को फतह करके सभी प्रमुख चोटियों पर तिरंगा फहराने का अपना लक्ष्य हासिल करना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि वह माऊंट विन्सन के सफर के तहत 13 दिसंबर को चिली के पुंटा एरीना के लिए रवाना होंगी। उसके बाद वह 16 दिसंबर को पुंटा से यूनियन ग्लेशियर जाएंगी। वहां से 18 तारीख को आरोहण शुरू होगा। उम्मीद है कि वह 29 या 30 दिसंबर को माऊंट विन्सन पर पहुंच जाएंगी।

अरुणिमा ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी सफर पर उनके साथ उनके पति गौरव सिंह भी जाएंगे। इस पर्वत शिखर पर चढ़ाई के लिए उन्होंने प्रशिक्षण भी लिया है। एक कृत्रिम पैर के सहारे एवरेस्ट फतह करने वाली दुनिया की एकमात्र महिला अरुणिमा अब तक एवरेस्ट (एशिया) के साथ-साथ किलीमंजारो (अफ्रीका), एल्ब्रुस (रूस), कास्टेन पिरामिड (इंडोनेशिया), किजाश्को (आस्ट्रेलिया) और माऊंट अकंकागुआ (दक्षिण अमेरिका) पर्वत चोटियों पर आरोहण कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि अब माऊंट विन्सन उनकी आखिरी मंजिल है, जिसे पाकर वह नया इतिहास रचना चाहती हैं।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में वॉलीबॉल खिलाड़ी रहीं अरुणिमा को अप्रैल 2011 में लखनऊ से नई दिल्ली जाते वक्त कुछ बदमाशों ने चलती रेलगाड़ी से बाहर फैंक दिया था। उसी वक्त दूसरी पटरी पर आई ट्रेन से उसका बायां पैर कट गया था। लम्बे समय तक अस्पताल में रहने के बाद अरुणिमा ने एक कृत्रिम पैर लगवाकर एवरेस्ट फतह करने का इरादा किया था और 21 मई 2013 को मंजिल पाकर दुनिया को चौंका दिया था। उसके बाद उन्होंने सभी 7 महाद्वीपों की सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर आरोहण का इरादा किया था। अरुणिमा की तमाम उपलब्धियों पर सरकार ने उन्हें ‘पद्श्री’ अवार्ड से नवाजा था। हाल में उन्हें ब्रिटेन की एक यूनिवर्सिटी ने डॉक्टरेट की मानद उपाधि से भी सम्मानित किया था।

Anil Kapoor