मुहर्रम जुलूस: हिंसा के बाद कानपुर-बलिया में हालात सामान्य

punjabkesari.in Monday, Oct 02, 2017 - 08:53 AM (IST)

कानपुर\बलिया: उत्तर प्रदेश में मुहर्रम के जुलूस को लेकर कई शहरों में व‍िवाद हुआ। इस दौरान बल‍िया और कानपुर में जमकर बवाल हुआ। 2 पक्षों के बीच पथराव और आगजनी के साथ फायर‍िंग भी हुई। वहीं कानपुर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान 2 अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भड़की हिंसा में कम से कम 5 लोग घायल हो गए।तनावपूर्ण स्थ‍ित‍ि को देखते हुए इलाके में भारी पुलि‍स फोर्स तैनात कर दी गई है। उन्होंने स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है।
                 
जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने बताया कि सिकन्दरपुर कस्बे में अपरान्ह मोहर्रम जुलूस के दौरान शरारती तत्वों ने ताजिये में आग लगा दी। इसके बाद पथराव और आगजनी की घटना हुई जिसमें 3 मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं और एक मकान में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। सूत्रों के अनुसार इस घटना में 4 लोग घायल हुए हैं। हालांकि, जिलाधिकारी ने किसी के घायल होने से इंकार किया है।
                 
मंडलायुक्त के रविन्द्र नायक, पुलिस उप निरीक्षक विजय भूषण, जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार समेत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर हैं।  पुलिस उप महानिरीक्षक विजय भूषण ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। इसके पूर्व सिकन्दरपुर कस्बे में रात बच्चों के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया था। दो सम्प्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। मारपीट और पथराव भी हुआ। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर पुलिस व पीएसी तैनात की गई है।