Mukhtar Ansari Death: पोस्टमार्टम के बाद बेटे उमर अंसारी को सौंपा जाएगा मुख्तार अंसारी का शव

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2024 - 07:53 AM (IST)

Mukhtar Ansari Death: माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी को गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद जिला जेल से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। आज शुक्रवार सुबह थोड़ी देर में परिवार के सामने मुख्तार अंसारी का  पोस्टमार्टम कराया जाएगा।इसके बाद मुख्तार का शव उनके बेटे उमर अंसारी को सौंपा जाएगा।  जिसके बाद गाजीपुर के मोहम्मदाबाद कब्रिस्तान में मुख्तार अंसारी को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। वहीं मुख्तार अंसारी की मौत के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। बांदा की सीमाओं पर आने-जाने वाले लोगों की चेकिंग की जा रही है। झांसी शहर में भी पुलिस की सतर्कता बढ़ी है। सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस फोर्स तैनात है।

मुख्तार अंसारी की मौत के बाद हाई अलर्ट पर यूपी
मुख्तार अंसारी की मौत के बाद पूरा उत्तर प्रदेश हाई अलर्ट पर है। पूरे राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। वहीं, मऊ और गाजीपुर में धारा-144 को लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही बांदा में भी सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। डीजीपी मुख्यालय की ओर से भी सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया गया है।

19 साल से जेल में बंद था मुख्तार अंसारी
बता दें कि मुख्तार अंसारी पिछले 19 साल से जेल में बंद था। अन्तर्राज्यीय गैंग 191 के सरगना मुख्तार को 25 अक्टूबर 2005 में जेल भेजा गया था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में 65 मुकदमे दर्ज हैं। साल 2017 में यूपी में योगी सरकार के आने से पहले वो पंजाब की रोपड़ जेल में बंद था, उसे वापस उत्तर प्रदेश लाने के लिए योगी सरकार सुप्रीम कोर्ट गई थी। जिसके बाद उसे बांदा जेल में शिफ्ट किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static