बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की तबीयत बिगड़ी, कड़ी सुरक्षा के साथ अस्पताल में कराया गया भर्ती

punjabkesari.in Tuesday, Mar 26, 2024 - 08:41 AM (IST)

Banda News: उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में बंद माफिया डॉन  मुख्तार अंसारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सोमवार की आधी रात के बाद उसे रानी दुर्गावती में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। अंसारी का आईसीयू में इलाज चल रहा है। मेडिकल कॉलेज के आईसीयू जोन को पुलिस-प्रशासन ने छावनी में तब्दील कर दिया है। अफसरों ने चुप्पी साध रखी है। अभी मुख्यार की तबीयत को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आ पाया है।

मुख्तार अंसारी ने जेल प्रशासन पर स्लो प्वाइजन देने का लगाया था आरोप
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्तार अंसारी की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को लेकर दो दिन पूर्व ही शासन ने एक जेलर और दो डिप्टी जेल को निलंबित कर दिया था। अपनी वर्चुअल पेशी में मुख्तार अंसारी ने न्यायालय में जेल प्रशासन पर स्लो प्वाइजन देने का आरोप लगाया था। पिछले तकरीबन एक हफ्ते से लगातार मुख्तार की तबीयत खराब चल रही थी।

जेल प्रशासन ने खारिज कर दिया था आरोप
बताया जा रहा है कि यूपी की बांदा जेल के सुपरिटेंडेंट ने मुख्तार अंसारी के स्लो पॉइजन देने के आरोपों को खारिज कर दिया था। प्रशासन ने बताया कि पहले एक सिपाही और फिर डिप्टी जेलर खाना खाता है, उसके बाद मुख्तार अंसारी को खाना दिया जाता है। जेल के 900 कैदी भी यही खाना खाते हैं। ऐसे आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने आगे कहा कि अगर बात  सुरक्षा व्यवस्था की करें तो CCTV के साथ-साथ सिविल और PAC का कड़ा पहरा है।

Content Editor

Anil Kapoor