मुलायम बोले, BJP के बहकावे में मत आना, वोट SP को ही देना

punjabkesari.in Monday, Mar 06, 2017 - 02:46 PM (IST)

जौनपुर:समाजवादी पार्टी (सपा) को जुल्म और अन्याय के खिलाफ संघर्षरत और कथनी और करनी में भेद नहीं करने वाला दल करार देते हुए पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने लोगों से अपील की कि वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समेत अन्य विरोधी दलों के बहकावे में कतई ना आएं और सूबे में एक बार फिर सपा की सरकार बनवाने में मदद करें। जिले की मल्हनी विधानसभा के कोलाहलगंज में पार्टी प्रत्याशी एवं कबीना मंत्री पारस नाथ यादव के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि सपा ने हर जुल्म एवं अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। आप लोग सपा के सभी प्रत्याशियों को जिता देना और जो भी वादे किए गए हैं सब पूरे होंगे। 

समाजवादी पार्टी की कथनी करनी में फर्क नहीं 
सपा संरक्षक ने कहा कि मां बहनों के साथ हो रहे जुल्म को रोकने के लिए उन्होंने पार्टी बनाई थी। वह पार्टी बनाने के लिए अकेले थे और 11 महीना बाद 1992 में उनकी पार्टी की सरकार भी बन गई। समाजवादी पार्टी की कथनी करनी में फर्क नहीं है। जहां अन्याय होगा वहां पार्टी सामना करेगी। उन्होंने दावा किया कि सपा में महिलाओं को सबसे अधिक सम्मान दिया गया है। इसके लिए जयाप्रदा को आगे लाया गया था। पार्टी ने अपने शासनकाल में सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं की संख्या को बढ़ाया। पढ़ाई-दवाई मुफ्त करने के साथ किसानों और गरीबों को कर्ज में छूट दिलाने का काम किया। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झूठ बोलकर बनाई सरकार 
यादव ने कहा कि उन्होंने 18 साल की उम्र वालों को वोट देने का अधिकार दिलाने का काम किया। इसके पहले वोट का अधिकार 21 साल था जिससे नौकरी में फायदा मिला। महंगाई पर रोक लगाने की दिशा में काफी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। जितनी नौकरी सपा ने दी किसी ने नहीं दी। सपा सरंक्षक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झूठ बोलकर सरकार बनाई है। उन्होंने महिलाओं को मतदान के बाद रसोई जलाने की अपील करते हुए कहा कि आप चाहेंगे तभी सरकार बनेगी और घोषणा पत्र में जो कुछ है वह करेंगे। नौकरी देंगे और नहीं दिए तो बेरोजगारी भत्ता देंगे। जब गरीब किसान खुशहाल होगा तो देश खुशहाल होगा। हिन्दुस्तान अब गरीबों का देश नहीं रहा। मैं सिर्फ महात्मा गांधी, लोहिया, सरदार की याद दिलाने आया हूं। आप चाहे तो सरकार बनेगी, नहीं चाहेंगे तो नहीं बनेगी। 

देश में महंगाई सातवें आसमान पर 
उन्होंने कहा कि जौनपुर के लोग हमेशा संघर्ष में रहे हैं और रहेंगे। पूरे प्रदेश में मैंने रैलियां की है। यही हमारा भाषण यही हमारी चुनावी सभा है। जनता के लिए विधानसभा में हमेशा संघर्ष किया है। विकास और अवाम के हक के लिए मैंने मनमोहन सिंह से भी लड़ाई लड़ी है। उन्होंने पारसनाथ यादव को विशेष रूप से जिताने की भावनात्मक अपील की। इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता और कबीना मंत्री आज़म खान ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने झूठ बोलकर सत्ता को कब्जा किया है। उन लोगों ने लोकसभा चुनाव में महंगाई पर काबू करने की बात की थी लेकिन देश में महंगाई सातवें आसमान पर है और काला धन लाने का जो वादा किया वह कोरा कागका साबित हुआ है। गरीब इस आस में था कि कालाधन आएगा तो 15 लाख मिलेगा पर मोदी ने एक लाख भी नहीं दिया। देश के युवा बेरोजगार हैं। ऐसे में अब उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के झूठे वादों की पोल खोलने जा रही है।