मुलायम सिंह यादव फिर बने दादा, छोटी बहू अपर्णा यादव ने दिया बेटी को जन्म

punjabkesari.in Monday, Sep 24, 2018 - 03:37 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव एक बार फिर दादा बने हैं। उनकी छोटी बहु अपर्णा यादव ने एक बेटी को जन्म दिया है। अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मेरी बहन ने लखनऊ के सहारा अस्पताल में शनिवार को एक बेटी को जन्म दिया। यह उनकी दूसरी बेटी है, उन्हें एक बेटी और भी है।

जानकारी मुताबिक अपर्णा वरिष्ठ सपा नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। वह सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता रही हैं। इसके अलावा वह कैंट से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं। हालांकि उन्हें भाजपा उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी से चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। खास बात यह है कि अपर्णा के पति और मुलायम के बेटे प्रतीक राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। उनका अपना बिजनेस है और लखनऊ में जिम चलाते हैं।

बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने के बाद अपर्णा यादव ने पति संग राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा हुई। कहा जाने लगा कि अपर्णा भाजपा का दामन थाम सकती हैं और उन्हें फूलपुर से लोकसभा का उप चुनाव लड़ाया जा सकता है। हालांकि बाद में ऐसा कुछ नहीं हुआ।

Anil Kapoor