प्रसिद्ध कवि गोपाल दास ‘नीरज‘ के निधन पर मुलायम-अखिलेश ने जताया शोक

punjabkesari.in Friday, Jul 20, 2018 - 10:32 AM (IST)

लखनऊ/आगरा: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी(सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रसिद्ध कवि गोपाल दास ‘नीरज’ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यादव ने जारी शोक संदेश में कहा कि गोपाल दास नीरज ने अपनी रचनाओं से हिन्दी साहित्य को समृद्ध किया। उन्होंने फिल्मों में कई सुपरहिट गाने लिखे। उन्होंने कहा कि नीरज उनके मित्र थे और आज उन्होंने अपना एक पुराना मित्र खो दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यश भारती पुरस्कार पाने वाले नीरज पहले साहित्यकार थे। इटावा जिले के पुरावली गांव में 4 जनवरी 1925 को जन्में नीरज को 1991 पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

यादव ने कहा कि गोपाल दास ‘नीरज’ के निधन से साहित्य जगत को जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई होना कठिन है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पद्म भूषण एवं यश भारती से सम्मनित गोपाल दास नीरज का निधन हिंदी जगत पर वज्रपात है। वे हिंदी साहित्य के श्रृंगार थे, उनके रहते बहार थी, अब तो बस गुबार ही रह गया है। जीवनभर उन्होंने प्रेम के गीत लिखे और प्रेम का सन्देश बांटा, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को यह दु:ख सहने की शक्ति दे।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार नीरज का शव शुक्रवार को आगरा उनकी पुत्री के घर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। बाद में अंतिम संस्कार के लिए नीरज के पार्थिक शरीर को अलीगढ़ ले जाया जाएगा। गौरतलब है कि 93 वर्षीय नीरज कुछ समय से बीमार थे। उन्होंने गुरुवार शाम दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में अंतिम सांस ली।

Anil Kapoor