हार के बाद मुलायम-शिवपाल की लम्बी गुफ्तगू, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 25 मार्च को

punjabkesari.in Friday, Mar 17, 2017 - 10:39 AM (IST)

लखनऊ:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में शिकस्त खाई समाजवादी पार्टी(सपा) के विधायकों की बैठक के बाद शाम पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव और उनके छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव के बीच लम्बी बातचीत हुई।

मुलायम-शिवपाल ने की लम्बी गुफ्तगू
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने शिवपाल यादव को अपने घर बुलाया और करीब एक घंटे दोनों में मंत्रणा हुई। दोनों के बीच हुई बातचीत का ब्यौरा तो नहीं मिल सका लेकिन माना जा रहा है कि मुलायम सिंह यादव ने विधायकों की बैठक के सम्बन्ध में जानकारी ली होगी। नेता विरोधी दल के मनोनयन पर भी चर्चा हुई होगी। विधायकों की बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव करीब 3 महीने बाद एक साथ मंच पर आसीन हुए थे।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 25 मार्च को
उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा चुनाव में बुरी तरह पराजित हुई समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आगामी 25 मार्च को यहां बुलाई गई है। बैठक में मुलायम सिंह यादव को फिर से पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग उठ सकती है। गत एक जनवरी को मुलायम सिंह यादव को हटाकर अखिलेश यादव को अध्यक्ष बना दिया गया था। मुलायम सिंह यादव को पार्टी का संरक्षक घोषित कर दिया गया था।

पार्टी की हार का किया जाएगा मंथन
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राज्य विधानसभा चुनाव में मिली हार के साथ ही वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा की जा सकती है। सपा उपाध्यक्ष किरणमय नन्दा ने बताया कि बैठक में राजनीतिक हालातों के साथ-साथ पार्टी की हार पर मंथन किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने मुलायम सिंह यादव को दोबारा पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की मांग उठने की संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि सपा लोकतांत्रिक पार्टी है और इसमें सभी को अपनी बात कहने का हक मिलता है।