दूसरे दलों में रहते हुए भी हमारे घनिष्ठ थे अरुण जेटली: मुलायम सिंह यादव

punjabkesari.in Saturday, Aug 24, 2019 - 04:29 PM (IST)

लखनऊः सपा के बुजुर्ग नेता और मैनपुरी संसदीय सीट से सांसद मुलायम सिंह यादव ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री एवं उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य अरूण जेटली के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दूसरे दलों में रहते हुए भी वह हमारे घनिष्ठ थे।

मुलायम ने जारी शोक संदेश में कहा कि अरूण जेटली का निधन भारतीय राजनीति की बड़ी क्षति है। वह कुशल वक्ता, कानून के जानकार, प्रसिद्ध वकील, सांसद के रुप में उनके भाषण नींव के पत्थर साबित होंगे। उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों रक्षा, वित्त आदि में अमिट छाप छोड़ी। वह दूसरे दलों में रहते हुए भी हमारे घनिष्ठ थे। उन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में परिजनों, मित्रों एवं उनके निकट संबंधियों को असीम शक्ति प्राप्त हो ताकि वह दुख सहन कर सकें।

बता दें कि, शनिवार को अरुण जेटली का एम्स में निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। जेटली को सांस लेने में दिक्कत और बेचैनी की शिकायत के बाद 9 अगस्त को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। यहां कई सप्ताह से उनका इलाज चल रहा था।


 

Deepika Rajput