मुलायम सिंह यादव के करीबी व सपा के कद्दावर नेता पर हत्या का लगा आरोप

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2020 - 03:48 PM (IST)

मऊः यूपी के मऊ में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 60 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटकता मिला। इसकी सूचना मिलने पर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। वहीं मृतक के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। उनका आरोप है कि सपा के कद्दावर नेता राजेन्द्र मिश्रा से पुराना विवाद चल रहा था, उसी के इशारे पर ये हत्या हुई है।

मामला मधुबन थाना क्षेत्र के मर्यादपुर गांव का है। यहां के रहने वाले 60 वर्षीय विशम्भर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक नीम के पेड़ पर लटकता मिला। परिजन इसे रंजिश में हत्या का मामला बता रहे हैं। परिजनों की माने तो सपा के कद्दावर नेता राजेन्द्र मिश्रा से पुराना विवाद चल रहा था और इसी के चलते ये हत्या हुई है। घटना की सुचना पर मौके पर पहुंची पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। वहीं हत्या का सुराग जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है।

वहीं इस पूरे मामले में मृतक के भतीजे ने सपा नेता राजेंद्र मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाये हैं। राजेंद्र मिश्रा सपा सरंक्षक मुलायम सिंह के काफी करीबी माने जाते हैं। मृतक के भतीजे की माने तो सपा नेता राजेन्द्र मिश्र भी इस हत्या में शामिल हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी की बात कह रही है।

Tamanna Bhardwaj