राम नगरी अयोध्या में गाय को कोट पहनाएगी योगी सरकार

punjabkesari.in Monday, Nov 25, 2019 - 10:41 AM (IST)

अयोध्याः ठंड ने दस्तक दे दी है। हाड़ कंपाती ठंड में इंसान तो इंसान जानवरों के लिए भी समस्या बन गई है। ऐसे में नगर नगम ने गायों को ठंड और शीत लहर से बचाने के लिए उन्हें काऊ कोट पहनाने की तैयारी शुरू कर दी है। व्यवस्था 2-3 चरणों में लागू होगी।

नगर आयुक्त डॉ नीरज शुक्ला ने बताया कि गायों को ठंड से बचाने के लिए यहां की गोशाला में 'काऊ कोट' के इंतजाम किए जा रहे हैं।यहां पर गायों की संख्या 1,200  है। यह व्यवस्था 2-3 चरणों में लागू होगी। पहले यहां पर 100 बछड़ों के लिए कोट तैयार कराए जाएंगे।

उन्होंने आगे बताया कि बछड़ों के लिए तीन लेयर वाला कोट बनाया जा रहा है। पहले मुलायम कपड़ा उसके बाद फोम फिर जूट लगाकर बनाया जाएगा। पहले कपड़ा इसलिए कि यह बछड़ों को चुभेगा नहीं। फिर फोम गीली जगह बैठने पर वह आसानी से सोख लेगा और जूट गर्माहट प्रदान करेगा। इसका सैम्पल तैयार हो गया है। नवम्बर खत्म होते ही यहां पर डिलीवरी हो जाएगी। इसकी कीमत 250 रुपये और 300 रुपये के बीच में आएगी। नर और मादा पशु के लिए अलग-अलग तरह से कोट बनाए जाएंगे। उन्हें पहनाने में दिक्कत ना हो इसलिए इसे डोगी स्टाइल से बांधने की व्यवस्था होगी।

इस विषय पर अयोध्या के महापौर ऋषिकेष उपाध्याय ने बताया कि गो माता की सेवा पर हमारा पूरा फोकस है। काऊ कोट के अलावा शीत लहर से बचाने के लिए जो भी इंतजाम होंगे, वह अयोध्या नगर निगम करेगी। इसे हम लोग एक बेहतरीन गोशाला के रूप में धीरे-धीरे विकसित कर रहे हैं।

 

Tamanna Bhardwaj