दिसंबर में नई गाइड लाइन पर काम करेगा नगर निगम, अब नहीं चलेगी मनमानी

punjabkesari.in Thursday, Nov 30, 2017 - 10:56 AM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश के कई जिले स्मार्ट सिटी में आते हैं जिसमें से एक आगरा भी हैं। जिसे स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए 148 करोड़ रुपए रिलीज हो चुके हैं। इसके साथ ही नगर निगम होर्डिग्स की नई गाइड लाइन तैयार करेगा। इसका टेंडर दिसंबर के अंतिम सप्ताह में निकलेगा, जिसमें होर्डिग्स के स्थलों और उनकी साइज का निर्णय लिया जाएगा।

ताजगंज व उसके आसपास की रोड पर बड़ी संख्या में अवैध होर्डिग्स लगी हुई हैं। यह होर्डिग्स रोड और भवनों की छत पर लगी हैं। कुछ यही हाल एमजी रोड व यमुना किनारा रोड का भी है। निगम के एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में विज्ञापन एजेंसियों द्वारा अपने हिसाब से होर्डिग्स लगाई जाती हैं, जहां उन्हें खाली जगह मिल जाती है। बिना किसी सर्वे के बड़ी होर्डिग्स लगा दी जाती है, लेकिन अब इसकी गाइडलाइन तैयार की जा रही है। शहर में विभिन्न स्थल निर्धारित होंगे, जहां होर्डिग्स लगेंगी। इनका साइज भी फिक्स होगा। निर्धारित साइज से बड़ी होर्डिग्स लगाने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई की जाएगी।