निकाय चुनावः भाजपा में सबसे ज्यादा हलचल, 80 वार्डों के लिए 615 लोगों ने पेश की दावेदारी

punjabkesari.in Saturday, Apr 01, 2023 - 02:30 PM (IST)

बरेली: नगर निगम के वाडों की आरक्षण सूची आने के बाद भाजपा में सबसे ज्यादा हलचल है। दावेदारों के साथ पार्टी में भी गुणा-भाग और जोड़-तोड़ का दौर शुरू हो गया है। कोई मंत्री तो कोई विधायक की शरण में टिकट की संभावना तलाश रहा है। 80 सीटों के लिए 615 से ज्यादा लोगों ने दावा ठोका है। पार्टी के सामने उम्मीदवारों को तय करने में ऐसा रास्ता निकालने की चुनौती है ताकि बगावत की आशंका कम से कम रहे। 



80 वार्डों के लिए 615 लोगों ने पेश की दावेदारी
बता दें कि 80 वार्डों के लिए 615 लोगों की दावेदारी दिसंबर 2022 की है। दिक्कत यह है कि अब कई और लोग दावा ठोकने की फिराक में हैं। दावेदारों की संख्या जितनी बढ़ेगी, भाजपा के लिए प्रत्याशी का चयन करना भी उतना मुश्किल साबित होगा। भाजपा के कई मौजूदा पार्षद टिकट के लिए लखनऊ तक दौड़ से लगा रहे हैं। 



आवेदन कोई भी कर सकता हैः अधीर सक्सेना
नगर निगम के भाजपा से चुनाव संयोजक अधीर सक्सेना ने बताया कि आवेदन कोई भी कर सकता है। चुनाव की तैयारियां पूरी हैं। बूथ, पन्ना प्रमुख को सक्रिय किया है। उधर, तीन महीने बाद शुक्रवार को नगर निगम में निवर्तमान पार्षदों की चहलपहल दिखी। हालांकि उनके बैठने का स्थान नहीं रहा लिहाजा वे जगह- जगह जमावड़ा लगाए खड़े रहे। कुछ सब्जी मंडी का ठेका लेने वाले की पैरवी में अफसरों के कमरों के चक्कर लगा रहे थे। कुछ निवर्तमान पार्षद एक-दूसरे की चुनावी तैयारियों की हालचाल लेते दिखे, कुछ पार्षद चुनाव लड़ने के लिए बकाया टैक्स जमा करने आए करने आए थे। कुछ जनसमस्याओं के लिए के बहाने भी नगर निगम का चक्कर काटने आ गए थे।

Content Writer

Ajay kumar