बिना नंबर व रजिस्ट्रेशन के सड़कों पर दौड़ रहे नगरपालिका के वाहन, उड़ रही कानून की धज्जियां

punjabkesari.in Saturday, Jan 06, 2018 - 05:41 PM (IST)

आजमगढ़ः आजमगढ़ में आरटीओ कार्यालय और नगर पालिका के अधिकारी मिलकर अजीब खेल खेल रहे हैं। आजमगढ़ नगर पालिका की दर्जनों गाडि़यां बिना रजिस्ट्रेशन और बिना नम्बर प्लेट के सड़को पर फर्राटा भर रही है। लेकिन नगर पालिका के अधिकारियों को गाडि़यों के रजिस्ट्रेशन और नम्बर प्लेट की जरूरत नहीं है। हां सड़को पर आम आदमी का चालान करने वाले आरटीओ विभाग की भी नजरें आज तक इन गाडि़यों पर नही पड़ी।


सपा सुप्रिमो मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ की नगर पालिका की दर्जनों गाडि़यां बगैर नम्बर और रजिस्ट्रेशन की सड़को पर दौड़ रही है। लेकिन सालों से दौड़ रही इन गाडि़यों का रजिस्ट्रेशन कराने में आजमगढ़ के नगर पालिका के अधिकारियों को कोई रूचि नही है। यही नहीं आम आदमी का सड़को पर कागजों के आभाव में चालान करने वाले आरटीओ विभाग के अधिकारी भी आंखों पर पट्टी बांधे हुए हैं।


आरटीओ विभाग को चेकिंग के दौरान आज तक कभी भी नगर पालिका की गाडि़यां बिना नम्बर प्लेट के नहीं दिखी। गाडि़यों का रजिस्ट्रेशन न करा कर नगर पालिका कानून की धज्जियां उड़ा रहा है। वहीं आरटीओ विभाग भी राजस्व का चूना लगाने में पीछे नहीं है। नगर पालिका अध्यक्ष शीला श्रीवास्तव का कहना है कि अभी हमको नगर पालिका का कार्यभार ग्रहण किए हुए एक माह हुआ है। मामला संज्ञान में आया है और बहुत जल्द सभी गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन करा दिया जाएगा।


नगर पालिका और आरटीओ विभाग के इस अजीब कानूनी खिलवाड़ का दोषी कौन है यह तो तय होना बाकी है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र में यह खेल वर्षों से चल रहा है।