मुन्ना बजरंगी के गुर्गे जलीश की सवा दो करोड़ की अवैध संपत्ति सीज

punjabkesari.in Friday, Sep 07, 2018 - 07:11 PM (IST)

सुलतानपुर (शरद कुमार)-सुलतानपुर में अवैध धन से बनाई गई संपत्ति पर प्रशासनिक गाज गिरनी शुरू हो गई है। मुन्ना बजरंगी के खास गुर्गे रहे जलीश उर्फ फिरोज का करीब सवा दो करोड़ रूपए से बना व्यवसायिक काम्प्लेक्स और मकान सीज कर दिया गया। प्रशासन द्वारा कराई गई इस कार्रवाई से हड़कम्प मचा गया।

नगर कोतवाली क्षेत्र के डाकखाने चौराहे के पास मुन्ना बजरंगी के खास गुर्गे रहे जलीश उर्फ फिरोज पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। दर्जन भर से ज्यादा मुकदमों में वांछित जलीश पिछले काफी दिनों से फरार है और हाल में ही अवंतिका फूड माल के संचालक आलोक आर्या गोलीकांड में भी पुलिस ने उसे आरोपी बनाया है।

इसी कड़ी में इस पर शिकंजा कसने के लिये पुलिस ने पहले तो इसके बनाये गए व्यवसायिक काम्प्लेक्स और मकान की जांच कराई। जब कोई सही साक्ष्य जलीश के परिजनों द्वारा उपलब्ध नहीं कराया गया तो इसे सीज करने के लिये जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किया गया।

जिलाधिकारी की जांच में भी जलीश और इनके परिजन कोई सही साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा सके। जिसपर जिलाधिकारी ने इस अवैध रुप से अर्जित किये गए धन से बनाई गई संपत्ति मानते हुए धारा 14A के तहत कार्रवाई करते हुए सीज करने का आदेश दे दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर आज सदर तहसीलदार और नगर कोतवाल दल बल के साथ जलीश के राहुल चौराहे स्थित मजीद काम्प्लेक्स पहुंचे और उसे सीज कर दिया। उसके बाद उनका काफिला डाकखाने चौराहे के पास स्थित उसके घर पहुंच कर उसे भी सीज कर दिया गया। इस कामप्लेक्स और मकान की कीमत करीब सवा दो करोड़ रुपये है।

अधिकारियों द्वारा कराई गयी इस कार्रवाई से अवैध तरीके से धन अर्जित करने वाले अपराधियों में हड़कम्प मचा हुआ है।
 

Ajay kumar