योगी सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद, भाजपा पार्षद पर किया गया जानलेवा हमला

punjabkesari.in Friday, Oct 05, 2018 - 03:41 PM (IST)

लखनऊः यूपी सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ जहां लगातार कानून व्यवस्था पर जोर दे रहे, लेकिन राजधानी में अपराधियों के हौसले बढ़ते ही नजर आ रहे हैं। पिछले 10 दिनों में राजधानी में कई बड़ी वारदातें हो चुकी है। जिससे लखनऊ पुलिस की कार्यशैली और मुस्तैदी की पोल खुल रही है। वहीं लखनऊ वासियों में भय का माहौल व्याप्त हो रहा है।  

बता दें कि बीती रात हुसैनगंज क्षेत्र के बाबू बनारसी दास वार्ड के भाजपा पार्षद हर्षित दीक्षित पर कुछ लोगों ने उनके आवास के सामने जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें भाजपा पार्षद को गंभीर चोटें आई हैं। जिसके बाद उनके समर्थकों ने हुसैनगंज थाने का घेराव कर लिया।

समर्थकों का आरोप है कि थाने में हमले की सूचना होने के बाद में थानाध्यक्ष आंनद प्रकाश शुक्ला मौके पर नहीं पहुंचे। जिसको लेकर क्षेत्र की जनता और समर्थकों में काफी आक्रोश देखने को मिला है।

भाजपा पार्षद पर हमले की सूचना पर कई पार्षद व नेता थाने पहुंच गए और थानाध्यक्ष को निलंबन की मांग कर रहे है। उनका कहना है जब एक पार्षद के ऊपर हमला हो रहा है तो आम जनता का क्या होगा। भाजपा पार्षद के हमले के विरोध में नगर निगम सफ़ाई कर्मचारियों ने भी कार्य का बहिष्कार कर दिया। उनका कहना है कि हमारे पार्षद पर हमले के आरोपियों को जब तक गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक वो कार्य नहीं करेंगे। मामले को बढ़ता देख मौके पर एसपी पूर्वी सर्वेश कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर बुलाई गई।

एसपी पूर्वी सर्वेश कुमार का कहना है कि गुरुवार की बीती रात पार्षद हर्षित दीक्षित पर हमला हुआ था। जिसमें पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच की जा रही है कि इस घटना में आंनद प्रकाश शुक्ला की कितनी लापरवाही है, उसकी जांच की जा रही है।  


 

Tamanna Bhardwaj