अवैध कब्जा करने वाले सपा नेताआें पर होगी सबसे पहले कार्रवाई: शिवपाल

punjabkesari.in Thursday, Aug 25, 2016 - 08:08 PM (IST)

बलिया(मुकेश मिश्र): सपा नेताआें द्वारा जमीनों पर अवैध कब्जों से व्यथित होकर हाल में इस्तीफे की बात कहने वाले उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने आज कहा कि अवैध कब्जे करने वाले और गलत कामों को लेकर अधिकारियो पर धौंस जमाने वाले पार्टी नेताआे पर अब सबसे पहले कार्रवाई होगी। यादव ने यहां संवाददाताआें से कहा कि वह एक माह का अभियान चला रहे हैं जिसमें प्रदेश में कब्जा करने तथा अवैध काम करने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। अगर सपा का कोई नेता या कार्यकर्ता इन गड़बडिय़ों में शामिल पाया गया तो सबसे पहले उस पर कार्रवाई होगी। 

मालूम हो कि यादव ने हाल में मैनपुरी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि सपा के ही लोग जगह-जगह जमीनों पर अवैध कजे कर रहे हैं। इन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। अगर एेसा नहीं हो पा रहा है तो वह खुद भी इसके लिये जिम्मेदार हैं और उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। सपा के राज्यसभा सदस्य अमर सिंह की नाराजगी के सवाल पर यादव ने कोई टिप्पणी नहीं की। लोक निर्माण मंत्री ने बलिया के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी किया।

 
बाढ़ पीड़ितों राहत सामग्री की घोषणा
शिवपाल यादव ने बताया कि प्रदेश के करीब दो लाख लोग इस समय बाढ़ की चपेट में हैं। अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं पीड़ितों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों के लिए राहत सामाग्री का ऐलान किया। जिसमें 20 कि लो आटा, 20 किलो चावल, 5 लीटर मिट्टी का तेल, 4 किलो दाल, सरसो का तेल, नमक आदि घरेलू सामाग्री देने की घोषणा की। शिवपाल ने कहा कि यह 15 दिनों के लिए एक परिवार को दिया जा रहा है। अगर किसी को और जरूरत पड़ेगी तो सरकार उसकी भी व्यवस्था करेगी। किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने पाएगी।