बागपत पहुंचा रहस्यमयी बुखार, एक साल के बच्चे में दिखे लक्षण

punjabkesari.in Wednesday, Sep 08, 2021 - 12:36 PM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में टाइफ्स का बुखार तेजी से कहर बरपा रहा है। इसी क्रम में  बागपत जिला भी रहस्यमयी बुखार की चपेट में आता हुआ दिखाई दे रहा है। शहर के आस्था मल्टीस्पेश्लिटी हॉस्पिटल में भर्ती एक वर्षीय बच्चे में प्रारंभिक लक्षणों और ब्लड टेस्ट में पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बच्चे के खून के सैंपल पुष्टि के लिए लखनऊ पीजीआई को भेजे हैं।    

आस्था हास्पिटल में बाल रोग विशेषज्ञ डा. अभिनव तोमर ने बताया कि तीन सितंबर को अन्य चिकित्सक के रेफर करने के बाद स्वजन अपने एक वर्षीय संक्रमित बच्चे को उनके पास लेकर आए थे। बच्चा को 103 डिग्री बुखार था और प्लेटलेट्स भी 20 हजार के आसपास थीं। चेकअप में उसके डायपर के नीचे और दो अन्य जगहों पर बाइट मार्क दिखाई दिए। बच्चे के पूरे शरीर पर लाल चकते पड़े हुए थे। प्रथम दृष्टया सभी लक्षण स्क्रब टाइफ्स बुखार से मिलते-जुलते दिखाई दिए। मेरठ में निजी लैब में बच्चे के खून की जांच कराई गई तो रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। इसके बाद स्क्रब टाइफ्स बुखार का ट्रीटमेंट शुरू करते ही बच्चे की हालत में थोड़ा सुधार आया मगर अभी भी उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।

Content Writer

Ramkesh