वैक्सीनेशन को लेकर विपक्ष पर भड़के नड्डा, कहा- कुछ मंद बुद्धि नेता वैक्सीन पर सवाल खड़े कर रहे थे...

punjabkesari.in Friday, Jul 16, 2021 - 02:21 PM (IST)

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा ने कहा कि वैक्सीनेशन की बात की जाए तो टीबी की दवा, चिकन पाक्स, स्माल पाक्स का टीकाकरण अभियान सारी दुनिया के बाद भारत में चला। पल्स पोलियो का अभियान भी सबसे बाद में भारत में चला। उस समय यहां कांग्रेस का शासन था। भाजपा की सरकार के दौरान कोरोना की दस्तक देश में पिछले साल फरवरी मार्च में हुई, जबकि प्रधानमंत्री ने अप्रैल में टास्क फोर्स बनाकर वैक्सीनेशन का काम शुरू किया। 9 महीने में दो दो स्वदेशी वैक्सीन देश में आ गई। हालांकि कुछ मंद बुद्धि नेता वैक्सीन पर सवाल खड़े कर रहे थे कि इसका ट्रायल नहीं हुआ है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के एक नेता ने तो इसे भाजपा की वैक्सीन बता कर लगाने से इंकार कर दिया। हालांकि उनके पिता ने वैक्सीन की डोज ली जिसके बाद बेटा भी तैयार हो गया। हालांकि उन्होने अपना स्तर बता प्रदेश की जनता को बता दिया है। ऐसे लोगों को जवाब यूपी की जनता ने दिया है। उन्होंने कहा कि छह-सात सितंबर तक 40 करोड़ वैक्सीन की डोज तैयार हो जायेंगी, जबकि दिसम्बर तक देश की आबादी के बराबर 135 करोड खुराक का इंतजाम हो जायेगा। जिसमें 50 करोड कोविडशील्ड, 40 करोड़ कोवैक्सीन, पांच करोड़ कैडिला और दस करोड़ डोज स्पूतनिक की शामिल हैं।        

नड्डा ने कहा कि यूपी में वैक्सीन की पहली खुराक 3 करोड़ लोगों ने ली है जबकि 62 लाख दूसरी खुराक ले चुके हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को वैक्सीन के प्रति प्रदेश की जनता को जागरूक करना है। इसी तरह अप्रैल से शुरू होकर दीपावली तक चलने वाली प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं को निभानी होगी।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj