बाबरी मस्जिद पर नमाज न जायज थी और न होगी : रिजवी

punjabkesari.in Friday, Mar 16, 2018 - 05:26 PM (IST)

लखनऊः विवादित रामजन्मभूमि मामले में पक्षकार होने का दावा करने वाले उत्तर प्रदेश शिया सेण्ट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सैयद वसीम रिजवी ने कहा कि इस्लाम के अनुसार राम जन्मभूमि पर बनाई गई। बाबरी मस्जिद पर नमाज न कभी जायज थी और न ही कभी हो पाएगी।

रिजवी ने जारी बयान में दावा किया कि रामजन्मभूमि मसले पर उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी पक्षकारों की सूची में उत्तर प्रदेश सेंट्रल वक्फ बोर्ड का नाम 50वें नम्बर पर है जबकि सुन्नी पक्षकार यह भ्रम फैला रहे है कि यूपी शिया सेण्ट्रल वक्फ बोर्ड का पक्ष खारिज कर दिया गया है, जो कि गलत है।

उन्होंने कहा कि बोर्ड ने उच्चतम न्यायालय के समक्ष हिन्दू पक्षकारों से समझौता कर अपनी बात रखते हुए कहा है कि वर्ष 1528 में राम जन्मभूमि पर विवादित मस्जिद मीर बाकी द्वारा बनाई गई थी और वह शिया मुसलमान था। इसलिए सुन्नी मुसलमानों से उक्त मस्जिद का कोई सम्बन्ध नहीं है। वक्फ बोर्ड को इस सम्बन्ध में महत्वपूर्ण कागजात भी प्राप्त हुए है, जिन्हें बोर्ड उच्चतम न्यायालय में सुनवाई के दौरान प्रस्तुत करेगा।

रिजवी ने कहा कि बोर्ड को उम्मीद है कि न्यायालय राम जन्मभूमि पर बने विवादित ढांचे के सम्बन्ध में उसे असली पक्षकार मानते हुए बोर्ड के प्रस्ताव पर विचार करेगा जिसमें कहा गया है कि राम जन्मभूमि स्थल पर मीर बाकी द्वारा बनाए गए विवादित ढांचे से बोर्ड अपना अधिकार समाप्त करते हुए हिन्दू समुदाय को पूर्ण अधिकार देता है कि वह राम जन्म भूमि स्थल पर भव्य राम मन्दिर बनवा ले और शिया सेण्ट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ में एक मस्जिदे अमन बनवा लेगा, क्योंकि इस्लामिक सिद्धान्तों के अनुसार किसी विवादित जगह पर या किसी कम्काई हुई भूमि पर नमाज नहीं पढ़ी जा सकती। 


 

Punjab Kesari