तीसरी बेटी को दिया जन्म तो ससुराल वालों ने उठाया खौफनाक कदम

punjabkesari.in Friday, Dec 02, 2016 - 01:37 PM (IST)

आगरा: पीएम मोदी द्वारा देश में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ओ’ का संदेश दिया जा रहा है। जागरूकता मुहिम छेड़ी गई है लेकिन समाज इस मुहिम को अपना नहीं पा रहा है। ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया थाना जैतपुर में, जहां महिला ने तीसरी बेटी को जन्म दिया, तो ससुराल वालों ने उसकी जान ही ले ली। मृतका के भाई ने ससुराल वालों के खिलाफ  मुकद्दमा दर्ज कराया है।

यह है मामला
थाना बाह के गांव मंगदपुर निवासी रामजीलाल की पुत्री बेबी का विवाह 7 साल पहले थाना जैतपुर के गांव गढ़ीरामपुरा निवासी सुरेन्द्र सिंह के साथ हुआ था। मायका पक्ष के लोगों ने बताया कि शादी के बाद बेबी ने 3 पुत्रियों को जन्म दिया। उसकी बड़ी पुत्री आयुषी की उम्र 5 वर्ष हे, उससे छोटी पुत्री प्रांशी की उम्र 4 वर्ष और तीसरी बेटी की उम्र 2 वर्ष है।

जानकारी के अनुसार लगातार 3 बेटियों के जन्म के बाद से ससुराल वाले बेबी को ताना मारने लगे और इन तीनों पुत्रियों के विवाह के लिए बेबी के परिजनों से दहेज की मांग करने लगे। मायका पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया है कि बेबी ने लगातार 3 पुत्रियों को जन्म दिया, इससे ससुराल वाले आक्रोशित थे, उसे घर से निकालने की धमकी देते थे, इसके बाद दहेज की मांग शुरू कर दी। इसी के चलते ससुराल वालों ने पहले उनकी बेटी के साथ मारपीट की। इसके बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी।

घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल वोले घर से फरार हो गए। पड़ोसियों द्वारा मायके वालों को खबर मिली, तो वे मौके पर पहुंचे। सूचना पर थाना जैतपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई लवकुश की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सुरेन्द्र सिंह, सास हरिप्यारी, ननद छोटी, ननदोई नवीन निवासी पुरा चौधरी के खिलाफ  दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।

UP Hindi News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें