सावधान: कैशलैस लेन-देन पर है हैकर्स की नजर

punjabkesari.in Sunday, Dec 11, 2016 - 01:23 PM (IST)

आगरा: पीएम मोदी ने एक भाषण में जिक्र किया था, कि अब तो भिखारी भी स्वैप मशीन से भीख स्वीकार कर रहे हैं। देश तेजी से कैशलैस इकोनॉमी की तरफ बढ़ रहा है। मोदी की कैशलैस व्यवस्था लोगों को पसंद आ रही है लेकिन इससे खतरा अब बढ़ गया है। कैशलैस लेन-देन पर हैकर्स की नजर है। जरा-सी चूक आपके खाते का बैलेंस जीरो कर सकती है इसलिए कैशलैस बनें लेकिन बेहद सावधानी बरतें। आगरा में बीते दिनों हैकिंग की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं।

ऐसे बच सकते हैं इस चोरी से
सेफ्टी फीचर्स को लगातार अपडेट करते रहना चाहिए। कार्ड यूजर्स को भी लगातार पासवर्ड बदलते रहना चाहिए। ट्रांजैक्शन के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। इसका ध्यान रखना चाहिए कि स्वैप मशीन से कोई अन्य इलैक्ट्रॉनिक डिवाइस तो नहीं जुड़ी है। लोगों को मैग्नेटिक स्ट्रिप वाले कार्ड की जगह चिप वाले कार्ड का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके अलावा अगर आप इस्तेमाल न कर रहे हों तो मशीन लॉगआऊट कर देनी चाहिए। ए.टी.एम. सॉफ्टवेयर व एंटी वायरस को लगातार अपडेट रखना चाहिए। वाई-फाई और इंटरनैट कनैक्शन की सुरक्षा पर भी ध्यान देना होगा।

हैकर्स ने निर्यातक के 5.36 लाख रुपए उड़ाए
जूता निर्यातक संजय डंग ने बताया कि उनकी कंपनी का ई-मेल अकाऊंट हैक कर लिया गया। उन्होंने अपनी गुजरात की पार्टी को ऑनलाइन पेमैंट किया था। हैकर ने 5.36 लाख की उस रकम को अपने मुंबई स्थित एक बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिया।

बातों में फंसाया और हो गया जीरो बैलेंस
कमला नगर जी-ब्लॉक निवासी इंदू त्रिपाठी के पिता और मकान मालकिन अनीता जैन के पति फैक्टरी के कर्मचारी हैं। इंदू के मोबाइल पर गुरुवार सुबह फोन आया। इत्तेफाक से इंदू का ए.टी.एम. कार्ड बंद था। फोन करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और इंदू से ए.टी.एम. अपडेट करने के नाम पर सारी जानकारी हासिल कर ली। 2 घंटे बाद उनके मोबाइल पर एस.एम.एस. आया, कि उनके खाते से 50 हजार रुपए निकल गए हैं। पीड़िता ने एस.एस.पी. से शिकायत की है।

UP Hindi News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें