प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 वर्ष के कार्यकाल में जनता का विश्वास जीता- योगी

punjabkesari.in Saturday, May 26, 2018 - 06:14 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने केंद्र सरकार 4 साल का कार्यकाल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। जिसके चलते भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पांडेय समेत कई नेताओं के साथ मोदी सरकार की उपलब्धियों वाली लघु फ़िल्म देखी।

मीडिया से बातचीत करते हुए योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 वर्ष के कार्यकाल में जनता का विश्वास जीता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के हर काम को धर्म व जाति से ऊपर उठकर देखा और किया। देश में इससे पहले अविश्वास का माहौल था। सामाजिक न्याय के नाम पर विघटन हो रहा था। वहीं चार वर्ष पहले पहले देश की सीमाएं असुरक्षित थी।

योगी ने कहा कि सरकार ने काला धन के खिलाफ एसआईटी का गठन करके जमाखोरों को चोट दी है। यह बड़ा ऐतिहासिक कदम है। पहले देश तथा सीमा पर उग्रवाद, नक्सलवाद और आतंकवाद चरम पर था। अब तो यहां सब गायब हैं। भारत दुनिया में आर्थिक महाशक्ति बना है। केंद्र सरकार की प्रेरणा से एक वर्ष में किसानों के हित के लिए कई कार्य किए हैं। शासनकर्ता की नीयत साफ थी और दृष्टि सही थी इसलिए देश अभूतपूर्व विकास की दिशा में आगे बढ़ा है।

सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि पहले सरकारें चीनी मिलें बेचती थी। बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं थी। जिन लोगों के घरों में बिजली कनेक्शन त‍क नहीं थे, सरकार ने उनको कनेक्शन दिए। जिन गरीब परिवारों ने घरेलू गैस के बारे में सोचा नहीं थी सरकार ने उनके घरों में चूल्‍हा जलवाया। 
 

Tamanna Bhardwaj