अपना दल (एस) का राष्‍ट्रीय अधिवेशन 4 नवंबर को लखनऊ में, नए अध्यक्ष का होगा चुनाव

punjabkesari.in Tuesday, Nov 01, 2022 - 09:50 PM (IST)

लखनऊ: केंद्र और उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साझीदार अपना दल (सोनेलाल) का राष्‍ट्रीय अधिवेशन 4 नवंबर, शुक्रवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया है जिसमें दल के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन
अपना दल (एस) के प्रदेश प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव ने मंगलवार को जारी एक बयान में बताया कि चार नवंबर, शुक्रवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन आहूत किया गया है जिसकी तैयारी जोरों पर चल रही है। उन्होंने बताया कि इस अधिवेशन में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल एवं पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी के सदस्यों के अलावा सभी जिलों के जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्‍होंने बताया कि अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।

UP की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गयी अपना दल (एस)
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यों वाली विधानसभा के 2022 के चुनाव में अपना दल (एस) ने भाजपा गठबंधन से चुनाव लड़ा और 12 सीटों पर जीत हासिल कर राज्‍य की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गयी। इस सफलता के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने अपना दल (एस) को राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा दिया है। राज्य स्तरीय दर्जा मिलने के बाद पहली बार अपना दल (एस) का राष्ट्रीय अधिवेशन यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया है।

Content Writer

Mamta Yadav