Bareilly News:  राहुल, नौशाद और विक्की निकला अमान, फर्जी मिले आधार कार्ड.. झांसा देकर महिलाओं और लड़कियों को फंसाता था युवक

punjabkesari.in Saturday, Sep 21, 2024 - 03:25 PM (IST)

बरेली ( जावेद खान ): इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कर्मचारीनगर में युवतियों को परेशान करते पकड़े गए शोहदों से पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं। पकड़े गए युवक ने अपना नाम राहुल बताया था, हकीकत में वह नौशाद जमाली निकला। दूसरे युवक ने अपना नाम विक्की बताया था, वह अमान निकला। दोनों के पास से कई फर्जी आधार कार्ड मिले हैं। मोबाइल फोन की जांच में पता चला है कि इंस्टाग्राम पर दोनों की अलग-अलग नाम से आठ-दस आईडी हैं।  

हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों ने विशाल श्रीवास्तव के साथ मिलकर बुधवार को दोनों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया था। जिन लड़कियों को वे परेशान कर रहे थे, उनके बारे में अभी कुछ मालूम नहीं हो सका है। पुलिस ने अपनी ओर से दोनों के खिलाफ फर्जीवाड़ा करने आदि की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
PunjabKesari
गिरोह बनाकर लड़कियों को फंसाने का आरोप 
शोहदों को पकड़ने वाले विशाल श्रीवास्तव का आरोप है कि अमान और नौशाद गिरोह बनाकर फर्जी नाम से समुदाय विशेष की लड़कियों को फंसाते थे। घटना वाले दिन उनके साथ दो-तीन अन्य युवक भी थे, जो मौके से भाग गए। नौशाद और अमान ने भी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

फर्जी आधार कार्ड बनाने वालों का गिरोह सक्रिय 
पिछले साल बारादरी थाना क्षेत्र में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का खुलासा हुआ था। आशंका है कि शहर में फिर से फर्जी आधार कार्ड बनाने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। हिंदूवादी संगठन के लोग शोहदों पर लव जिहाद गिरोह का सदस्य होने का आरोप भी लगा रहे हैं। 
PunjabKesari
लंबे समय तक केरल में रह चुका है नौशाद
नौशाद काफी समय तक केरल में रह चुका है। वह अक्सर केरल हवाई जहाज से जाता था। नौशाद कोचीन हवाई अड्डे के आसपास ही रहता था। वह केरल में क्यों रहता था? पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी सिंडीकेट के संपर्क में आ गया होगा। पुलिस उसके परिवार की भी कुंडली खंगाल रही है।

इंस्टाग्राम पर लड़कियों से करते थे दोस्ती
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिये नौशाद दूसरे समुदाय की लड़कियों से दोस्ती करता है। उसकी आईडी पर उत्तराखंड से लेकर आसपास के कई जिलों की लड़कियां जुड़ी हैं। आशंका जताई जा रही है कि जिन लड़कियों से शोहदे कर्मचारीनगर के पास झगड़ा कर रहे थे, उनको भी इंस्टाग्राम के जरिये झांसे में लिया होगा। दोनों के मोबाइल फोन में लड़कियों से चैट करने के साक्ष्य और अश्लील वीडियो मिले हैं। पुलिस लड़कियों की पहचान में जुटी है। दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले जा रहे हैं।

नौशाद जमाली के पास से पांच आधार कार्ड बरामद 
पुलिस के मुताबिक दोनों के पास से कई फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए हैं। नौशाद जमाली के पास से सोनू पुत्र सुरेश, नौशाद पुत्र बाबू, अनश पुत्र कबीर, अमन पुत्र सुरेश और राहुल पुत्र बाबू नाम के जाली आधार कार्ड बरामद हुए हैं। उसके मोबाइल में नौशाद, नौशाद जमाली, शोफिया, राहुल समेत कई नामों से इंस्टाग्राम आईडी भी मिली हैं। 

अमान के पास से अमान पुत्र इनामुल रहमान खां, विक्की पुत्र कबीर और विनीत पुत्र सत्यपाल नाम के जाली आधार कार्ड मिले हैं। उसके मोबाइल फोन में भी अलग-अलग नाम से इंस्टाग्राम आईडी मिली हैं। सभी जाली आधार कार्ड परतापुर चौधरी के पते पर ही बने हुए हैं। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपियों के पास से अलग-अलग नामों के कई जाली आधार कार्ड मिले हैं। उनकी अलग-अलग नाम से इंस्टाग्राम आईडी भी हैं। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Imran

Related News

static