Navratri 1st Day 2022:: नवरात्रि का पहला दिन आज, महिला सुरक्षा को लेकर यूपी पुलिस चलाएगी विशेष अभियान

punjabkesari.in Saturday, Apr 02, 2022 - 09:43 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने बेटियों के साथ महिलाओं को सशक्त बनाने वाले ‘मिशन शक्ति अभियान' के तहत चैत्र नवरात्रि के पहले दिन आज यानि शनिवार को पुलिस विभाग की ओर से महिला सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाने की पहल की है।       

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को बेटियों की सुरक्षा को लेकर सभी स्कूल, कॉलेजों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शाम को पुलिस की एक टीम बाजारों और भीड़ वाले इलाकों में जाकर ‘फूट पैट्रोलिंग' भी करे। ज्ञात हो कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए योगी सरकार ने प्रदेश भर में अक्टूबर 2020 से इस वृहद् अभियान की शुरूआत की थी। राज्यव्यापी स्तर पर ‘मिशन शक्ति' के कार्यक्रमों की शुरुआत 10 अप्रैल से होगी।      

इसके लिये सभी विभागों को तैयारियां पूरा करने के निर्देश दिये गये हैं। मुख्यमंत्री ने महिला कांस्टेबल को बीट स्तर पर तैनात किए जाने के अधिकारियों को आदेश दिये हैं। दस अप्रैल से सभी विभागों के कर्मचारी समन्वय स्थापित कर महिला बीट अधिकारी के साथ गांव की महिलाओं के साथ संवाद स्थापित करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जायेगी।   

प्रदेश में नगरीय वार्ड और गांवों में सप्ताह में एक दिन वृहद् अभियान शुरु कर ग्राम सचिवालय में महिलाओं से जुड़ी समस्याओं का अधिकारी समयबद्ध ढंग से निस्तारण करेंगे। इसको जल्द ही वार्ड स्तर पर लागू किया जायेगा।

Content Writer

Mamta Yadav