महिला सुरक्षा को आंदोलन बनाने की जरूरत: मेनका गांधी

punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2020 - 08:01 PM (IST)

सुलतानपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी ने आज कहा कि महिला सुरक्षा,गरिमा और उन्हें मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिये आंदोलन की जरूरत है। अपने दौरे के तीसरे और अंतिम दिन नगर कोतवाली में मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत महिला हेल्प डेस्क, कूरेभार में नवनिर्मित पशु चिकित्सालय एवं धनपतगंज में आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ किया गया।

मिशन शक्ति कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मेनका गांधी ने कहा कि महिला सुरक्षा, गरिमा और सशक्तीकरण को आन्दोलन बनाने की जरूरत है। मिशन शक्ति इसका आधार बनेगा। उन्होंने कहा सशक्त स्त्री समृद्ध समाज का आधार होती है। जब वह केन्द्रीय मंत्री थी तब उन्होंनें महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण के कई कार्यक्रम शुरू किये थे। श्रीमती गांधी ने कहा कि वह चाहती हैं कि कोई भी महिला किसी पुरुष को झूठे आरोपों का सहारा लेकर शिकार न बनाएं।

नगर कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ करते हुए सांसद ने कहा उन्हें पूरा भरोसा है कि यहां पीड़ति महिलाओं को न्याय मिलेगा। सुमंगला योजना के 4331 बालिकाओं के आवेदन अधर में लटके रहने पर जिलाधिकारी को तत्काल निस्तारित करने के आदेश सांसद मेनका गांधी ने दिए हैं। जिले में पीएम आवास के आवंटन में अनियमितता बरते जाने की शिकायत दिल्ली में किए जाने की बात सांसद ने कही ।

मेनका गांधी ने अपने आवास ,भदैंया, कूरेभार एवं धनपतगंज में आयोजित जनता दर्शन में सैकड़ों क्षेत्रीय नागरिकों की जनसमस्याओं का प्रशासनिक, पुलिस, विद्युत, सप्लाई आदि विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकर तत्काल गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया। उन्होंने कहा मैं माँ के रूप में संसदीय क्षेत्र के लोगों का भला करने आती है। उन्होंने कूरेभार में पशु चिकित्सालय का शुभारंभ किया। अस्पताल में सर्जरी कक्ष एवं कैटल वाडर् का गुणवत्तापूर्ण निर्माण न किये जाने पर नाराजगी प्रकट की और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को फटकार लगाई। उन्होंने कहा दो महीने में मैं पुन: आऊंगी तब तक सारी चीजें व्यवस्थित हो जानी चाहिए।

Ajay kumar