घाेर लापरवाहीः महिलाओं की नसबंदी के बाद जमीन पर लेटाया

punjabkesari.in Thursday, Nov 28, 2019 - 02:05 PM (IST)

बांदाः उत्तर प्रदेश में महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं के तहत बड़ी लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है। जहां बांदा जिले के बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नसबंदी सर्जरी के बाद महिलाओं को फर्श पर लिटा दिया गया। मामले में शिकायत होने पर सीएमओ कार्रवाई का दावा कर रहे हैं।

बता दें कि बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बीते मंगलवार को नसबंदी कैंप लगाया गया था। जिसमें 16 केस रजिस्टर कर महिलाओं की सर्जरी की गई। लापरवाही की हद तब हो गई जब ऑपरेशन के तुरंत बाद कुछ महिलाओं को फर्श पर लिटा दिया गया। मामले से संबंधित फोटो भी सामने आए हैं, जिसमें कम से कम पांच महिलाएं फर्श पर लेटी देखी जा सकती हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सुनिश्चित किया जाएगा कि, इस तरह की लापरवाही भविष्य में न हो और जो भी इसके लिए जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने आगे बताया कि अस्पताल में 30 बेड हैं। अस्पताल में कोई बेड खाली नहीं था। इसलिए अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने फर्श पर कुछ चादरें बिछा दी थीं। जिन पर इंजेक्शन देने के बाद महिलाओं को लिटाया गया था। बाद में उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। हालत में सुधार न होने पर मरीज़ों को एंबुलेंस की मदद से उनके घरों तक शिफ्ट किया गया। 

Ajay kumar