बदायूं में सामने आया एक और शर्मनाक मामला, नाबालिग किशोरी से पड़ोसी ने किया Rape

punjabkesari.in Thursday, Jan 07, 2021 - 04:22 PM (IST)

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं में दुष्कर्म की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिविल लाइन क्षेत्र के एक गांव में जागरण में गई एक किशोरी के साथ उसके पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 4 जनवरी की बताई जा रही है।

किशोरी के परिजनों के अनुसार उनके पड़ोस में कथा थी। किशोरी भी कथा में शामिल होने गई थी। वहीं पर उसको पिंटू नाम का लड़का जोकि उसका पड़ोसी भी है उसे बहला- फुसला कर अपने घर ले गया। जब लड़की की माता पिता को लड़की गायब मिली तो उन्होंने ढूढने की कोशिश की। लड़की पड़ोस के घर से रोते हुए निकली। पिंटू का चचेरा भाई घर के बाहर पहरेदारी कर रहा कि कोई घर मे आ न जाए।

4 जनवरी की रात को युवती के परिजन समझ ही नहीं पाए कि उन्हें क्या करना है। लोक लाज के डर से बात परिवारों के बीच में चलती रही। कल 6 जनवरी को बात थाने तक पहुंची और पुलिस ने तत्काल मुकद्दमा दर्ज कर लड़की को मेडिकल के लिए भेज दिया और मुख्य आरोपी पिंटू को बरेली जाते हुए पकड़ लिया। पिंटू का चचेरा भाई जोकि सह आरोपी है अभी तक फरार है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने कहा कि किशोरी 4 जनवरी को पड़ोस में हो रहे जागरण के कार्यक्रम में शामिल होने गई थी जहां पर उसके साथ पड़ोस के युवक पिंटू ने बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। परिजनों ने पुलिस को 6 जनवरी को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पाक्सो के साथ रेप की धाराओं में मुकद्दमा दर्ज कर पिंटू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच चल रही है।

Anil Kapoor